लाइफस्टाइल

रिलेशनशिप की शुरुआत में जरूर नोट करें ये 6 बातें, पता चल जाएगा रिश्ता रखना है या नहीं

रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स मानते हैं कि हर रिश्ते की शुरुआत में लोगों को इशारे मिलते हैं। जो उन इशारों को समझ जाते हैं और रिश्ते से बाहर निकल आते है वो तो समझदार होते हैं, लेकिन कुछ प्यार के खुमार में ऐसा खोते हैं कि उन्हें सही गलत का पता ही नहीं चलता।

Image

रिलेशनशिप में आगे बढ़ने से पहले जरूर परख लें ये 6 बातें (Photo: iStock)

Red Flags in Relationship: मोहब्बत का एहसास काफी खूबसूरत होता है। जिससे मोहब्बत होती है हम दिन रात उन्हीं के ख्यालों में खोए रहते हैं। हालांकि बहुत से लोग इश्क में धोखा भी खाते हैं। एक पल में दिल टूट कर बिखर जाता है। इंसान लोगों पर भरोसा करना छोड़ देता है। कुछ तो इतने अवसाद में चले जाते हैं कि सुसाइड जैसे गलत कदम भी उठा लेते हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम जब किसी के साथ रिलेशनशिप शुरू करें तो कुछ बातों पर ध्यान जरूर दें।

रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स मानते हैं कि हर रिश्ते की शुरुआत में लोगों को इशारे मिलते हैं। जो उन इशारों को समझ जाते हैं और रिश्ते से बाहर निकल आते है वो तो समझदार होते हैं, लेकिन कुछ प्यार के खुमार में ऐसा खोते हैं कि उन्हें सही गलत का पता ही नहीं चलता। किसी भी रिलेशनशिप के शुरुआत में अगर आपको नीचे बताई गई बातें दिखें तो तुरंत उस रिश्ते से निकल जाएं:

बहुत जल्दबाजी करना

अगर आपका पार्टनर हर चीज में जल्दबाजी करता दिखे तो सावधान हो जाएं। मसलन शादी के लिए जल्दबाजी दिखाए तो समझ जाएं कि कुछ लोचा है। दरअसल माना जाता है कि मोहब्बत में तेजी खतरनाक होती है। जो रिश्ते धीरे-धीरे आगे बढ़ते हैं वही दूर तक जाते भी हैं।

कंट्रोल करना

रिलेशनशिप के शुरुआत में पार्टनर के व्यवहार को अच्छी तरह से परखें। अगर वह आपको कंट्रोल करने की कोशिश करे या फिर आपको आपसे दोस्तों से दूर रहने को कहे तो यह भी रेड फ्लैग है।

जबरदस्ती करना

अगर आपका पार्टनर आप पर किसी भी काम के लिए दबाव बनाए तो आपको फिर से सोचने की जरूरत है। जैसे अगर वह आपसे देर रात फोन पर बात करने या फिर मिलने के लिए जबरदस्ती करे तो समझ जाएं कि कुछ गड़बड़ है। वह आगे चलकर आपकी मजबूरी को नहीं समझेगा।

ना को नहीं समझना

अगर आप किसी के साथ रिलेशनशिप में आ रहे हैं और शुरुआत में कुछ चीजों के लिए ना करते हैं, तो सामने वाले को आपकी ना का पूरा सम्मान करना चाहिए। अगर पार्टनर आपकी ना के बावजूद आपसे अपनी बात मनवाने की कोशिश करे तो बेझिझक उससे अलग हो जाएं।

पजेसिव होना

रिलेशनशिप की शुरुआत में ही पार्टनर का पजेसिव बिहेवियर भी रेड फ्लैग है। यही पजेसिवनेस आगे चलकर शक को जन्म देती है। जिस रिश्ते में एक बार शक ने घर कर लिया तो वह कभी नहीं फल फूल सकता है। ऐसे में जरूरी है कि अगर आपका पार्टनर ओवर पजेसिवनेस हो तो उससे रिश्ता तोड़ देने में ही भलाई है।

अपनी गलती ना मानना

कई बार होता है कि गलती ना होने पर भी इंसान को गलती मान लेनी चाहिए। लेकिन रिलेशनशिप की शुरुआत में अगर आपको दिखे कि आपका पार्टनर गलती करने के बावजूद भी अपनी गलती नहीं मानता तो आपको फिर से सोचने की जरूरत है। और अगर वह अपनी गलती तो ना ही माने और हर चीज के लिए आपको ही जिम्मेदार बनाए तो बिना सोचे रिश्ता तोड़ दें।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article