Charishma Psychology: कुछ लोग जहां भी जाते हैं, आसानी से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं। उनकी बातें, उनका व्यवहार और लोगों से जुड़ने का तरीका उन्हें भीड़ में सबसे ज्यादा करिश्माई बना देता है। मनोविज्ञान के अनुसार इसके पीछे केवल अच्छी शक्ल या बुलंद आवाज ही नहीं, कुछ खास आदतें भी जिम्मेदार होती हैं।
साइकोलॉजी एक्सपर्ट्स मानते हैं कि जो लोग बातचीत के दौरान पूरी तरह उपस्थित रहते हैं, वे दूसरों को ज्यादा आकर्षक और भरोसेमंद लगते हैं। जब कोई व्यक्ति सामने वाले की बात ध्यान से सुनता है, बीच-बीच में प्रतिक्रिया देता है और आंखों से संपर्क बनाए रखता है, तो लोग उसके साथ सहज महसूस करने लगते हैं। यही चीज उसे करिश्माई बनाती है।
केवल बोलना नहीं, सुनना भी जरूरी
अकसर लोग सोचते हैं कि करिश्माई बनने के लिए बहुत ज्यादा बोलना या मजाकिया होना जरूरी है। लेकिन मनोविज्ञान कहता है कि अच्छे श्रोता ज्यादा प्रभावशाली लगते हैं।
जब आप किसी की बात ध्यान से सुनते हैं, तो सामने वाले को महसूस होता है कि उसकी बात की अहमियत है। यही भावना लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ती है।
बॉडी लैंग्वेज का भी पड़ता है असर
करिश्माई लोग बातचीत में केवल शब्दों से नहीं, अपनी बॉडी लैंग्वेज से भी सकारात्मक प्रभाव छोड़ते हैं। हल्की मुस्कान, सिर हिलाकर प्रतिक्रिया देना और बॉडी पोस्चर सामने वाले को अपनापन महसूस कराता है।
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, जो लोग बातचीत के दौरान मोबाइल या दूसरी चीजों में उलझे रहते हैं, वे अपनी छवि खराब कर लेते हैं।
सामने वाले को खास महसूस कराना
करिश्माई लोगों की एक खास आदत यह होती है कि वे सामने वाले को महत्व देते हैं। वे केवल अपनी बातें नहीं करते। दूसरों के अनुभव, भावनाओं और विचारों में भी रुचि दिखाते हैं। यही वजह है कि लोग ऐसे व्यक्तियों के साथ ज्यादा समय बिताना पसंद करते हैं।
आत्मविश्वास और विनम्रता
साइकोलॉजी यह भी कहती है कि असली करिश्मा आत्मविश्वास और विनम्रता के संतुलन से आता है। जरूरत से ज्यादा दिखावा या खुद की तारीफ करना लोगों को दूर कर सकता है। वहीं शांत, आत्मविश्वासी और सम्मानजनक व्यवहार लोगों पर गहरा असर छोड़ता है।
आज के दौर में जहां हर कोई खुद को साबित करने में लगा है, वहां किसी को ध्यान से सुनना और उसे महत्व देना एक दुर्लभ गुण बन चुका है। शायद यही वजह है कि मनोविज्ञान इस छोटी सी आदत को करिश्माई व्यक्तित्व का सबसे बड़ा गुण मानता है।
