पितृपक्ष के दिनों में घर का खाना सिर्फ स्वाद की बात नहीं होता, बल्कि इसमें परंपरा और अपनापन भी जुड़ा होता है। श्राद्ध भोज के लिए अक्सर ऐसा भोजन तैयार किया जाता है, जो सादा होने के साथ स्वादिष्ट भी हो और जिसे परिवार के लोग आसानी से घर पर बना सकें। अगर आपको भी श्राद्ध के लिए पूरी थाली तैयार करनी है और बहुत ज्यादा उलझन नहीं चाहिए, तो कुछ आसान पारंपरिक व्यंजन काम आ सकते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कुकर में ब्रेड कैसे बनाते हैं? बिना ओवन घर पर ऐसे बनाएं नरम और फूली हुई ब्रेड
1. सात्विक कद्दू की सब्जी
सबसे पहले कद्दू को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। इसे छिलके सहित भी पकाया जा सकता है। कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करके मेथी दाना, थोड़ा जीरा, हींग और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें। इसमें कद्दू, नमक, हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डालकर थोड़े पानी के साथ ढक दें।
धीमी आंच पर कद्दू को नरम होने तक पकाएं। आखिर में अमचूर, थोड़ा गरम मसाला और हरा धनिया डालें। इस रेसिपी में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
2. अरबी मसाला फ्राई
उबली हुई अरबी को छीलकर गोल टुकड़ों में काट लें। सरसों के तेल में अजवाइन और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट भूनें। अब अरबी डालकर नमक, हल्दी, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च और अमचूर मिलाएं। करीब पांच मिनट तक इसे मसालों के साथ भूनें और ऊपर से हरा धनिया डाल दें।
3. कुकर वाली झटपट खीर
खीर के लिए पहले घी में बादाम, काजू और किशमिश हल्के भूनें। इसमें भीगे हुए छोटे चावल डालकर करीब एक मिनट भूनें। अब दूध डालकर उबाल आने दें। कुकर बंद करके एक सीटी आने दें और फिर धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं। प्रेशर निकलने के बाद चीनी और कुटी इलायची डालकर थोड़ी देर ढक दें।
4. उड़द दाल की खस्ता पूरियां
भीगी उड़द दाल को थोड़ा दरदरा पीस लें। गेहूं के आटे में नमक, दाल, अजवाइन और तेल मिलाकर सख्त आटा गूंथें। इसे करीब आधे घंटे के लिए रख दें। फिर छोटी लोइयां बनाकर पूरियां बेलें और तेज गर्म तेल में सुनहरी और फूली हुई होने तक तलें।
निशा मधुलिका के बताए तरीके से तैयार थाली में कद्दू की सब्जी, अरबी मसाला फ्राई, खीर, दही और उड़द दाल की पूरियां रखी जा सकती हैं। दही के ऊपर थोड़ी बूरा या पिसी चीनी भी डाली जा सकती है। इस तरह कम व्यंजनों में भी पूरी थाली पारंपरिक और स्वादिष्ट नजर आती है।
