लाइफस्टाइल

घर पर ऐसे बनाएं लाजवाब कटहल बिरयानी, हर कोई पूछेगा रेसिपी

Kathal Biryani Recipe: कटहल बिरयानी बेहद स्वादिष्ट होती है जो एक अलग तरह का वेजिटेरियन एक्सपीरियंस भी देती है। अगर आप घर पर कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।

Image

कटहल से बनाएं स्वादिष्ट बिरयानी (फोटो: pinterest)

Kathal Biryani Recipe: अगर आप बिरयानी खाने का शौक रखते हैं और कुछ नया ट्राई कर रहे हैं, तो कटहल बिरयानी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। कटहल की बनावट और मसालों को सोखने की क्षमता इसे खास बनाती है इसी वजह से अक्सर लोग इसे वेजिटेरियन मीट भी कहते हैं। थोड़ी सी मेहनत से कटहल बिरयानी (Kathal Biryani) को बेहद स्वादिष्ट तरीके से तैयार किया जा सकता है जो हर किसी को पसंद आएगी। खासतौर से ये रैसिपी उन लोगों के बेहद काम आएगी जो वेजिटेरियन हैं लेकिन दम बिरयानी जैसा स्वाद लेना चाहते हैं। आइए जानते हैं कटहल बिरयानी बनाने की आसान रेसिपी।

कटहल बिरयानी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

कटहल बिरयानी स्वादिष्ट बने इसके लिए सही सामग्री होना बेहद जरूरी है। कच्चा कटहल, बासमती चावल, प्याज, टमाटर, दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट और कुछ खास मसाले आपकी रैसिपी में जान डाल सकते हैं। आइए जानते हैं कि कटहल बिरयानी बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होती है-

  • 500 ग्राम कच्चा कटहल
  • 2 कप बासमती चावल
  • 2 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
  • 1 कप दही
  • 2 टमाटर
  • 2 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • हरी मिर्च
  • पुदीना और धनिया पत्ती
  • बिरयानी मसाला
  • हल्दी, लाल मिर्च और गरम मसाला
  • तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची और लौंग
  • घी और तेल

कटहल बिरयानी बनाने का तरीका

हाथों और चाकू पर तेल लगाकर ( कटहल में चिपचिपापन ज्यादा होता है) कटहल को साफ करके छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद कटहल के टुकड़ों को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। इसके बाद इसमें दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च, बिरयानी मसाला, गरम मसाला और थोड़ा नमक मिलाकर करीब 30 मिनट के लिए रख दें। मैरिनेशन से कटहल के अंदर मसालों का स्वाद अच्छी तरह पहुंच जाता है और बिरयानी ज्यादा स्वादिष्ट बनती है।

चावल तैयार करने और बिरयानी की लेयर लगाने का तरीका

बिरयानी के लिए बासमती चावल को सही तरीके से पकाएं। ध्यान दें कि बिरयानी के लिए अच्छी क्वालिटी के बासमती चावल का ही चुनाव करें। चावल को धोकर करीब 20 मिनट के लिए भिगो दें। पानी में तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची और लौंग डालकर चावल को 70 से 75 प्रतिशत तक पकाएं। एक बड़े बर्तन में सबसे पहले घी लगाएं और मैरिनेट किए हुए कटहल की एक परत लगाएं। इसके ऊपर आधे पके हुए चावल डालें। फिर इसके ऊपर से तले हुए प्याज, पुदीना, धनिया और थोड़ा घी डालें। इसी तरह दूसरी लेयर बनाएं और बर्तन को अच्छी तरह ढक दें।

दम पर पकाएं कटहल बिरयानी और बढ़ाएं स्वाद

बिरयानी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा इसे दम पर पकाना है। धीमी आंच पर करीब 20 से 25 मिनट तक बिरयानी को पकने दें। दम देते समय बर्तन को अच्छी तरह सील करें। ज्यादा तेज आंच पर पकाने से चावल टूट सकते हैं इसका ध्यान रखें। दम देने के बाद आप रायता, सलाद, पापड़ या अचार के साथ इसे परोस सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article