लाइफस्टाइल

न तेल की जरूरत, न धूप में रखने का झंझट, निशा मधुलिका से सीखें कच्ची हल्दी का अचार बनाने की रेसिपी

Kachi Haldi Ka Achar recipe in Hindi: इस अचार में कच्ची हल्दी, अदरक और नींबू का इस्तेमाल होता है। रेसिपी के मुताबिक 150 ग्राम अदरक, 150 ग्राम कच्ची हल्दी और करीब 200 ग्राम नींबू लिए जाते हैं।

Image

निशा मधुलिका से जानें कच्ची हल्दी का अचार बनाने की आसान रेसिपी

Kachi Haldi Ka Achar: सर्दियों में बाजार में मिलने वाली कच्ची हल्दी और ताजा अदरक से ऐसा अचार बनाया जा सकता है, जो स्वाद में चटपटा होने के साथ खाने की थाली में एक अलग रंग भर देता है। खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए न लंबा इंतजार करना पड़ता है और न ही धूप में कई दिनों तक रखने की जरूरत है। मशहूर फूड ब्लॉगर निशा मधुलिका (Nisha Mafhulika) ने हल्दी और अदरक के अचार की रेसिपी शेयर की है।

इस अचार में कच्ची हल्दी, अदरक और नींबू का इस्तेमाल होता है। रेसिपी के मुताबिक 150 ग्राम अदरक, 150 ग्राम कच्ची हल्दी और करीब 200 ग्राम नींबू लिए जाते हैं।

हल्दी का अचार बनाने की विधि (Kachi Haldi Ka Achar Nisha Madhulika)

हल्दी और अदरक को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद दोनों को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। यहां आपको ध्यान रखना होगा कि इनके ऊपर पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए। जरूरत हो तो साफ कपड़े से अच्छी तरह पोंछकर कुछ देर पंखे की हवा में भी सुखा सकते हैं।

नींबू के लिए पतले छिलके वाले नींबू लेना बेहतर रहेगा। इन्हें छोटे टुकड़ों में काटें और बीज निकाल दें। पतले छिलके वाला नींबू जल्दी नरम होता है और अचार में कड़वाहट भी कम रहती है। अब नींबू के टुकड़ों में एक छोटी चम्मच नमक और आधी छोटी चम्मच हल्दी मिलाकर एक डिब्बे में रखें।

इसके बाद कुकर में करीब डेढ़ कप पानी डालें और इस डिब्बे को अंदर रखकर एक सीटी आने दें। इसके बाद आंच धीमी कर करीब 15 मिनट पकाएं। इससे नींबू के छिलके नरम हो जाएंगे और अचार तुरंत खाने लायक बन सकेगा।

अब आएगा अचार का असली स्वाद

नींबू के नरम होने के बाद उसे हल्दी और अदरक के कटे टुकड़ों के साथ मिला दें। इसमें करीब दो बड़े चम्मच नमक, आधी छोटी चम्मच हल्दी, एक छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, आधी छोटी चम्मच दरदरी कुटी काली मिर्च, एक छोटी चम्मच अजवाइन और एक चुटकी हींग डालें।

अब इसमें दो बड़े चम्मच सिरका डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला दें। इस रेसिपी में तेल का इस्तेमाल नहीं किया जाता। सिरका अचार के स्वाद को खट्टापन देने के साथ उसकी टिकाऊपन में भी मदद करता है। अचार को साफ और पूरी तरह सूखे कांच या चीनी मिट्टी के डिब्बे में भर दें। शुरुआती दो दिनों तक इसे रोज सूखे चम्मच से हल्का चला दें, ताकि मसाले नीचे बैठने के बजाय पूरे अचार में अच्छी तरह मिल जाएं।

अचार तुरंत खाया जा सकता है, लेकिन एक-दो दिन बाद इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है। हल्दी और अदरक में नींबू और मसालों का स्वाद अच्छी तरह उतरने लगता है। ध्यान रखें कि अचार निकालते समय चम्मच बिल्कुल सूखा हो। डिब्बे में नमी चली गई तो अचार जल्दी खराब हो सकता है।

तो सर्दियों में अगर आम अचार से कुछ अलग आजमाना चाहते हैं, तो यह झटपट बनने वाला हल्दी-अदरक-नींबू का अचार आपकी थाली में नया स्वाद जरूर जोड़ सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article