देश

VIDEO: कौन है वो 16 साल का भारतीय लड़का, जिसने राष्ट्रपति पुतिन के साथ ली सेल्फी, खुद चलाते हैं AI कंपनी?

केरल के 16 वर्षीय राउल जॉन अजू ने मॉस्को में आयोजित AI Journey 2026 सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी ली। नौ साल की उम्र में वीडियो बनाने से शुरुआत करने वाले राउल ने 12 साल की उम्र में अपना पहला रोबोट बनाया था। आज वह अपनी AI कंपनी के संस्थापक हैं। उनकी संस्था करीब पांच लाख लोगों को AI की ट्रेनिंग दे चुकी है।

Image

केरल के 16 वर्षीय राउल जॉन अजू ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ ली सेल्फी। ajujoseph insta handle

नौ साल की उम्र में बाथरूम में वीडियो बनाने से शुरू हुआ सफर अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी तक पहुंच गया है। हम बात कर रहे हैं केरल के 16 वर्षीय राउल जॉन अजू की, जिन्हें 'AI Kid of India' के नाम से जाना जाता है। राउल ने मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI सम्मेलन 'AI Journey 2026' के दौरान पुतिन के साथ सेल्फी ली। उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

राउल ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर साझा करते हुए अपने सफर को याद किया। उन्होंने लिखा कि नौ साल की उम्र में पहला वीडियो बनाने से लेकर राष्ट्रपति पुतिन के साथ सेल्फी लेने तक, उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिंदगी उन्हें यहां तक ले आएगी। उन्होंने सम्मेलन में मिले विशेषज्ञों से सीखने और अपने माता-पिता, दोस्तों और आयोजकों के सहयोग के लिए आभार भी जताया।

कौन हैं राउल जॉन अजू?

राउल जॉन अजू केरल के कोच्चि के रहने वाले हैं और स्कूली छात्र होने के साथ-साथ एआई एंटरप्रेन्योर, डेवलपर और डिजिटल क्रिएटर भी हैं। वह AI Realm Technologies के संस्थापक हैं। उनकी तकनीक में दिलचस्पी नौ साल की उम्र में वीडियो एडिटिंग से शुरू हुई थी। उनके पिता को Adobe में नौकरी मिलने के बाद राउल को कई प्रीमियम सॉफ्टवेयर टूल्स इस्तेमाल करने का मौका मिला। यहीं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में उनकी दिलचस्पी बढ़ी।

12 साल की उम्र में बनाया पहला रोबोट

राउल ने महज 12 साल की उम्र में अपना पहला रोबोट बनाया था। इसका नाम 'MeBot' रखा गया था और इसे उन्होंने स्कूल के साइंस प्रोजेक्ट के तौर पर तैयार किया था। इसके बाद उन्होंने कई AI टूल्स विकसित किए।

उनके बनाए टूल्स में RESQ AI, MeBot, ZapGap, Investo AI और FeedFye जैसे नाम शामिल हैं।

राउल अपनी कंपनी के जरिए AI से जुड़े प्रोडक्ट और तकनीकी समाधान तैयार करने के साथ-साथ लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग भी देते हैं। उनकी संस्था ThinkCraft Academy छात्रों और प्रोफेशनल्स को AI के इस्तेमाल और उसकी बारीकियों के बारे में सिखाती है। राउल की संस्था करीब पांच लाख लोगों को ट्रेनिंग दे चुकी है और उनकी कंपनी में लगभग 15 लोग काम करते हैं।

पिता को देते हैं 2 लाख रुपये महीने की सैलरी

राउल की कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि उनके पिता उनकी ही कंपनी में काम करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राउल अपने पिता को हर महीने करीब 2 लाख रुपये की सैलरी देते हैं। उनके पिता Amazon, Adobe, Wipro और IBM जैसी कंपनियों में काम कर चुके हैं।

राउल का कहना है कि इंटरनेट से जानकारी तो हासिल की जा सकती है, लेकिन उनके पिता के पास जो काम का अनुभव है, वह उनके लिए बेहद कीमती है। इसी अनुभव से सीखने के लिए उन्होंने अपने पिता को कंपनी में शामिल किया।

एआई जर्नी 2026 में पुतिन से हुई मुलाकात

मॉस्को में 26 से 28 नवंबर तक आयोजित एआई जर्नी 2026 सम्मेलन में दुनिया के कई देशों के AI विशेषज्ञ, शोधकर्ता और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं। इस सम्मेलन में भारत, चीन, रूस, ब्राजील, कजाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायव ने भी युवा तकनीकी प्रतिभाओं से मुलाकात की। इसी दौरान राउल को पुतिन से मिलने और उनके साथ तस्वीर लेने का मौका मिला।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article