भारतीय टेस्ट टीम के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने कम समय में अपने टेस्ट करियर में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। अब क्राइस्टचर्च में शुरू हुए भारत-न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने कौन से विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, यहां आपको बताएंगे।
यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर के अब तक के सभी 33 मैच अलग-अलग देशों में खेले हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वेस्टइंडीज से की थी, और दक्षिण अफ्रीका में भी दो मैच खेले। भारत में उनकी पहली सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय सरजमीं पर बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी टेस्ट मैच खेले। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने इन पांचों टीमों की मेजबानी 14 अलग-अलग मैदानों पर की। इसके अलावा, 2024-25 और 2025 में भारत के लंबे दौरों के दौरान, इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में भी पांच-पांच टेस्ट मैच खेले।
इसी के साथ अब यशस्वी जायसवाल ने 1994 से संजय मांजरेकर के नाम दर्ज एक विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यह रिकॉर्ड अपने डेब्यू के बाद से अलग-अलग मैदानों पर सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी से जुड़ा है। जायसवाल की तरह, संजय मांजरेकर ने भी अपने पहले 33 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। इसके बाद बेंगलुरु में खेला गया उनका 34वां टेस्ट मैच ऐसा पहला मौका था, जब वे किसी मैदान पर दूसरी बार खेले थे।
यशस्वी ने भारत के महान पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है। वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व में सीरीज़ का पहला मैच खेलने के बाद, जायसवाल उनके बराबर दूसरे स्थान पर आ गए थे। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने 1994 में अपने गृह नगर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में, एक ही मैदान पर दो बार टेस्ट मैच खेला था।
दिलचस्प बात यह है कि भारत का अगला टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है, जो 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगा। जायसवाल ने भी अभी तक नागपुर के मैदान पर कोई मैच नहीं खेला है, जिसका मतलब है कि अगर उन्हें इस मैच के लिए चुना जाता है, तो वो संजय मांजरेकर को पीछे छोड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड पूरी तरह से अपने नाम कर लेंगे।
अगर यशस्वी फिट रहते हैं और प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने रहते हैं, तो 29 जनवरी से चेन्नई में शुरू होने वाला 2027 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट इस सिलसिले को खत्म कर देगा। ये जायसवाल के करियर का 35वां मैच होगा। वह अपने करियर में दूसरी बार गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में भी खेलेंगे। यह पांच मैचों की एक अहम सीरीज होगी।
अब तक भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 33 टेस्ट मैचों की 58 पारियों में 48.16 के शानदार औसत के साथ 2,697 रन बना लिए हैं। इसमें 1 दोहरा शतक, 7 शतक, 14 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 214 रनों की पारी रहा है।