मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने इस साल अप्रैल में ही पेट्रोल इंजन वाली Ignis को भारतीय बाजार के लिए बंद कर दिया था। वहीं, अब यही छोटी कार अब इलेक्ट्रिक अवतार में वापसी कर रही है। इस कार को हाल ही में ग्लोबल मार्केट में पेश किया गया है। इस बार इसे एक बदले हुए लुक में देखा जा रहा है।
Suzuki Ignis अब इलेक्ट्रिक अवतार में
दरअसल, नई Suzuki Ignis EV पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार होगी, जिसे यूरोप समेत चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 2027 में लॉन्च किया जाएगा। यह कार साल 2025 में आयोजित Japan Mobility Global Expo में पेश किए गए Vision E-Sky कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन है। इसमें कॉम्पैक्ट डिजाइन के साथ बेहतर रेंज और आधुनिक फीचर्स मिलने का दावा किया गया है।
डिजाइन और डायमेंशन
नई Suzuki Ignis EV का डिजाइन पुराने मॉडल की तरह टॉल-बॉय स्टाइल में रखा गया है। इसकी लंबाई 3,570mm, चौड़ाई 1,565mm और ऊंचाई 1,635mm है। वहीं, इसका व्हीलबेस 2,460mm का है। पेट्रोल मॉडल के मुकाबले नई इलेक्ट्रिक Ignis 130mm छोटी और 125mm ज्यादा संकरी है। हालांकि, इसका व्हीलबेस 25mm लंबा रखा गया है, जिससे केबिन में ज्यादा जगह मिल सके।
कार के फ्रंट में ब्लैक-आउट ग्रिल, स्क्वायर शेप वाली LED DRLs और LED प्रोजेक्टर हेडलैंप दिए गए हैं। इसके अलावा मोटी व्हील आर्च क्लैडिंग, 15-इंच ब्लैक अलॉय व्हील्स और सिल्वर कलर की रूफ इसे आकर्षक लुक देते हैं। पीछे की तरफ LED टेललैंप और रूफ माउंटेड स्पॉयलर मिलता है।
केबिन और फीचर्स
नई Ignis EV चार सीटों वाली इलेक्ट्रिक कार है। इसके केबिन में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। इसमें तीन-स्पोक मल्टीफंक्शनल स्टीयरिंग व्हील, टच-सेंसिटिव क्लाइमेट कंट्रोल और फिजिकल वॉल्यूम बटन भी मिलते हैं। इसके अलावा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पुश-बटन स्टार्ट/स्टॉप, हीटेड फ्रंट सीट्स और 45W USB फास्ट चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। डैशबोर्ड पर ड्राइव सिलेक्टर मिलने से आगे की सीटों के बीच ज्यादा जगह मिलती है। इसमें Vehicle-to-Load (V2L) फीचर भी दिया गया है।
बैटरी, रेंज और चार्जिंग
Suzuki Ignis EV में 26kWh का Lithium Iron Phosphate (LFP) बैटरी पैक दिया गया है। इसके साथ फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 91hp की पावर और 133Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी के मुताबिक, यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 310 किलोमीटर (WLTP) तक चल सकती है। चार्जिंग के लिए इसमें 50kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इससे बैटरी को 0 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 25 मिनट लगेंगे। वहीं, 6kW AC चार्जर से इसे 4.5 घंटे और 3kW चार्जर से करीब 8 घंटे में चार्ज किया जा सकेगा।
क्या भारत में भी आएगी नई Ignis EV
नई Ignis EV फिलहाल यूरोप और चुनिंदा ग्लोबल बाजारों के लिए पेश की जा रही है। भारतीय बाजार में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
