देश

कैबिनेट में आज महिला आरक्षण-परिसीमन बिल पर मंथन, संविधान संशोधन विधेयक से जुड़े प्रस्तावों को मिलेगी मंजूरी

कैबिनेट की यह बैठक संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक बुलाया गया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से फिर शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। संसद के दोनों सदनों को 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

Image

कैबिनेट में महिला आरक्षण, परिसीमन पर मंथन।

Cabinet Meeting: महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर इस बार सरकार पूरी तैयारी के साथ उतर रही है। संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पारित कराने के लिए जरूरी संख्याबल का बंदोबस्त करीब-करीब उसने कर लिया है। इससे पहले महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलाव या प्रस्तावों पर चर्चा के लिए शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट की इस बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी दी जा सकती है। परिसीमन बिल में प्रस्तावित 2 बड़े सुधार को केंद्रीय कैबिनेट में मंजूरी मिल सकती है।

पहला, सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव। वर्तमान में लोकसभा की 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी होने पर सीटें लगभग 816 हो सकती हैं। हर राज्य की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। शुक्रवार दोपहर 1 बजे होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद इन प्रस्तावों का ऐलान किया जा सकता है। यह कदम परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण कानून को आगे बढ़ाने के सरकार के नए प्रयासों का हिस्सा है। इससे पहले अप्रैल में संसद में जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका था।

30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र

कैबिनेट की यह बैठक संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक बुलाया गया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से फिर शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। संसद के दोनों सदनों को 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन मानसून सत्र का औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। इससे ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए विपक्ष पर संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को रोकने का आरोप लगाया था। इस विधेयक में विधानसभाओं और संसद में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने का प्रस्ताव था।

विधेयक पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत

अप्रैल में यह विधेयक आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण संसद में गिर गया था। 543 सदस्यीय लोकसभा में इस विधेयक को पारित कराने के लिए कम से कम 361 वोटों की जरूरत थी। हालांकि, तीन सीटें खाली होने के कारण फिलहाल लोकसभा में सदस्यों की संख्या 540 है।

NDA के पास अभी करीब 320 सांसद

सत्तारूढ़ NDA के पास करीब 320 सांसद हैं। ऐसे में सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए अपने गठबंधन से बाहर के दलों के समर्थन की जरूरत थी। हालांकि, तब से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हो गए हैं। इन सांसदों ने NDA को समर्थन देने का भरोसा भी दिया है। इसके अलावा, शिवसेना (UBT) के छह सांसद भी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इस तरह विपक्षी खेमे से अलग होने वाले सांसदों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।

संसद के विशेष सत्र में हंगामे के आसार

इन राजनीतिक बदलावों के बावजूद सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के वास्ते अभी भी अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। इस मामले में 22 सांसदों वाली DMK और आठ सांसदों वाली NCP (शरदचंद्र पवार) की भूमिका अहम हो सकती है। वहीं, सरकार को संसद के विशेष सत्र के दौरान कथित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध का भी सामना करना पड़ सकता है। इन मुद्दों को लेकर संसद के विशेष सत्र में हंगामा और विरोध प्रदर्शन होने की आशंका है।

Ravikant Rai
रविकांत रायauthor

सत्ता के गलियारों से आम जनमानस से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र, । राजनीति के हर दांव पेंच से वाकिफ, 13 सालों में दो लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधान सभा चुनाव कवर करने का अनुभव। संसद भवन, बीजेपी और प्रधानमंत्री कार्यालय को मैं कवर करता हूं... फिल्मे देखना , सपने देखना और उनका पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देना ये मेरा जुनून है।

और पढ़ें
End of Article