लाइफस्टाइल

साबूदाना हुआ पुराना, ट्राई करें शकरकंद की टिक्की, Kabita's Kitchen ने बताई आसान रेसिपी

टिक्की को व्रत वाली चटनी और दही के साथ सर्व करें। मूंगफली का क्रंच, शकरकंद की नरम बनावट और बाहर की क्रिस्पी परत इस टिक्की को व्रत के लिए एक स्वादिष्ट और अलग ऑप्शन बना देती है।

Image

Kabita's Kutchen से सीखें शकरकंद के टिक्की वाली रेसिपी

Sweet Potato Tikki recipe: व्रत में बहुत से लोग साबूदाना खिचड़ी या साबूदाना वड़ा खाते हैं। अगर आप भी यही खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो स्वीट पोटैटो यानी शकरकंद की टिक्की एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है। यह बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट बनती है। इसमें मूंगफली का क्रंच और मसालों का स्वाद इसे और मजेदार बना देता है। इसे बनाना भी बहुत आसान है। फेमस फूड ब्लॉगर कविता सिंह ने शकरकंद की टिक्की की आसान रेसिपी बताई है:

उबाल लें शकरकंद

इस रेसिपी के लिए दो लाल शकरकंद लें और उन्हें अच्छी तरह धो लें। इन्हें छोटे टुकड़ों में काटकर प्रेशर कुकर में डालें। कुकर में इतना पानी डालें कि वह लगभग आधा रहे। अब मीडियम फ्लेम पर 4-5 सीटी आने तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर को अपने आप ठंडा होने दें। शकरकंद को जरूरत से ज्यादा न पकाएं। टिक्की के लिए इसका सही तरीके से गलना जरूरी है, लेकिन इसमें बहुत ज्यादा पानी नहीं होना चाहिए।

मूंगफली देगी क्रंच

इस बीच भुनी हुई मूंगफली लें और उसका छिलका निकाल दें। इसे मिक्सर में डालकर एक-दो बार ही चलाएं। ध्यान रखें कि मूंगफली का बारीक पाउडर न बने। इसमें थोड़े टुकड़े रहने चाहिए। यही टुकड़े टिक्की में अच्छा क्रंच देंगे।

कुकर ठंडा होने के बाद शकरकंद निकालें और उसका छिलका उतार लें। अब इसे अच्छी तरह मैश कर लें। अगर आसानी से मैश न हो तो पतले स्लाइस काटकर भी इसे मसल सकते हैं। टिक्की के लिए शकरकंद का मिश्रण स्मूद होना चाहिए।

ऐसे तैयार होगा टिक्की का मिक्सचर

मैश किए हुए शकरकंद में कुट्टू का आटा डालें। इसे बकवेट भी कहते हैं और व्रत में इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद इसमें क्रश की हुई मूंगफली, करीब 3 इंच बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ अदरक, चार बारीक कटी हरी मिर्च और करीब एक चौथाई कप बारीक कटा धनिया डालें।

अब स्वाद के अनुसार सेंधा नमक और करीब डेढ़ छोटी चम्मच भुना जीरा पाउडर डालें। अगर आपके व्रत में सेंधा नमक भी नहीं खाया जाता है तो इसे छोड़ सकते हैं। नींबू खाते हैं तो थोड़ा नींबू का रस भी डाल सकते हैं।

सारी चीजों को हाथ से अच्छी तरह मिलाएं। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो थोड़ा पानी छिड़क सकते हैं। हालांकि शकरकंद ज्यादा पानी वाला है तो अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं होगी। अब हाथ में थोड़ा मिश्रण लें, गोल करें और हल्का दबाकर टिक्की का आकार दें।

व्रत वाली चटनी भी तैयार करें

चटनी के लिए मिक्सर जार में धनिया पत्ती, हरी मिर्च, एक इंच अदरक और भुनी मूंगफली डालें। इसमें सेंधा नमक और दो चम्मच दही डालें। थोड़ा पानी डालकर इसे पीस लें। इससे गाढ़ी और स्वादिष्ट व्रत वाली चटनी तैयार हो जाएगी।

मीडियम फ्लेम पर करें फ्राई

अब पैन गर्म करें और उसमें मूंगफली का तेल डालें। चाहें तो घी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। तेल गर्म होने पर टिक्कियां डालें। इन्हें मीडियम फ्लेम पर करीब दो मिनट एक तरफ से पकाएं और फिर सावधानी से पलट दें।

टिक्की टूटे नहीं, इसलिए पलटते समय थोड़ा ध्यान रखें। दोनों तरफ से सुनहरी और क्रिस्पी होने तक पकाएं। इसे कम तेल में भी शैलो फ्राई किया जा सकता है। चाहें तो एयर फ्रायर में भी बना सकते हैं।

तैयार टिक्की को व्रत वाली चटनी और दही के साथ सर्व करें। दही के ऊपर थोड़ा भुना जीरा पाउडर डाल सकते हैं। मूंगफली का क्रंच, शकरकंद की नरम बनावट और बाहर की क्रिस्पी परत इस टिक्की को व्रत के लिए एक स्वादिष्ट और अलग ऑप्शन बना देती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article