लाइफस्टाइल

Heatwave: जौ का सत्तू या चने का सत्तू? कौन है गर्मी की बेस्ट ड्रिंक, जानिए कौन सा सत्तू है ज्यादा फायदेमंद

गर्मियों में जौ का सत्तू और चने का सत्तू दोनों की डिमांड काफी बढ़ जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन दोनों में से गर्मियों के लिए क्या बेस्ट ड्रिंक है? आइए जानते हैं इससे जुड़ी डिटेल...

Image

जौ का सत्तू या चने का सत्तू

Jau ka Sattu VS Chana Sattu: गर्मियों का मौसम आते ही शरीर को ठंडा रखने और एनर्जी बनाए रखने वाली चीजों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में भारतीय रसोई का एक पारंपरिक सुपरफूड फिर चर्चा में आ जाता है 'सत्तू'। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में सदियों से सत्तू को गर्मी का सबसे असरदार देसी ड्रिंक (Healthy Summer Drink) माना जाता रहा है। लेकिन जब बात आती है जौ के सत्तू और चने के सत्तू की, तो लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर दोनों में से कौन ज्यादा हेल्दी है? कौन शरीर को ज्यादा ठंडक देता है? किसे वजन घटाने वाले लोग पिएं और किसे ज्यादा ताकत चाहिए तो चुनना चाहिए? आइए जानते हैं जौ का सत्तू या चने का सत्तू दोनों में कौन ज्यादा फायदेमंद है?

गर्मी के लिए क्यों खास है सत्तू?

सत्तू दरअसल भुने हुए अनाज को पीसकर बनाया जाने वाला आटा होता है। इसे पानी, नींबू, नमक, जीरा या गुड़ के साथ मिलाकर पिया जाता है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ लंबे समय तक हाइड्रेट भी रखने में मदद करता है। सत्तू की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह प्राकृतिक कूलिंग ड्रिंक की तरह काम करता है। इसमें मौजूद फाइबर, प्रोटीन और मिनरल्स गर्मियों में कमजोरी और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं जौ और चने के सत्तू के बारे में...

जौ का सत्तू - Barley Sattu

जौ यानी बारले का सत्तू गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने वाला पारंपरिक और हेल्दी ड्रिंक माना जाता है। आयुर्वेद में इसकी तासीर शीतल बताई गई है, इसलिए यह तेज गर्मी और लू से राहत देने में मदद कर सकता है। जौ के सत्तू में भरपूर फाइबर होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। यही कारण है कि इसे वजन कंट्रोल करने वाली ड्रिंक भी माना जाता है। यह पाचन के लिए हल्का होता है, जिससे कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स अपेक्षाकृत कम होने से यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने नहीं देता और शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है।

जौ का सत्तू

जौ का सत्तू

चने का सत्तू - Gram Sattu

चने का सत्तू गर्मियों में ताकत और पोषण देने वाला लोकप्रिय देसी सुपरड्रिंक माना जाता है। चना प्रोटीन का अच्छा स्रोत होता है, इसलिए इसका सत्तू खासतौर पर जिम जाने वालों, मेहनत करने वाले लोगों और लंबे समय तक ऊर्जा चाहने वालों के बीच काफी पसंद किया जाता है। यह धीरे-धीरे पचता है, जिससे शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिलती रहती है और जल्दी भूख नहीं लगती। इसमें मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों की मजबूती और रिकवरी में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। गर्मियों में थकान, कमजोरी और सुस्ती महसूस होने पर चने का सत्तू इंस्टेंट एनर्जी देने में भी सहायक माना जाता है।

चने का सत्तू

चने का सत्तू

गर्मियों में किसका चुनाव है ज्यादा बेहतर?

गर्मियों में जौ का सत्तू या चने का सत्तू चुनना पूरी तरह आपकी शरीर की जरूरत और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है। अगर आप शरीर को ज्यादा ठंडक देना चाहते हैं, वजन कंट्रोल रखना चाहते हैं, पाचन को हल्का बनाए रखना चाहते हैं या डिहाइड्रेशन से बचना चाहते हैं, तो जौ का सत्तू बेहतर विकल्प माना जा सकता है।

वहीं जिन लोगों को ज्यादा प्रोटीन, लंबे समय तक ऊर्जा और शारीरिक ताकत की जरूरत होती है, उनके लिए चने का सत्तू अधिक फायदेमंद माना जाता है। खासतौर पर जिम करने वाले, ज्यादा मेहनत करने वाले या कमजोरी महसूस करने वाले लोगों के लिए चने का सत्तू अच्छा विकल्प हो सकता है।

आज जब लोग महंगे रिफ्रेशिंग ड्रिंक और प्रोटीन सप्लीमेंट्स की तरफ बढ़ रहे हैं, तब सत्तू एक सस्ता, प्राकृतिक और पौष्टिक विकल्प बनकर सामने आता है। तो फिर आज ही अपनी जरूरत के हिसाब से अपने सत्तू का गिलास तैयार करें और फ्रेश हो जाएं!

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article