लाइफस्टाइल

रोज सुबह उठ केवल 5 मिनट करें ये असरदार योग, कंप्यूटर सा तेज हो जाएगा दिमाग, दिल भी रहेगा जवां

दिल और दिमाग की सेहत का ख्याल रखना काफी महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि इन दोनों का असर हमारी ओवरऑल हेल्थ पर देखने को मिलता है। आज हम आपको एक खास योगासन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे रोज सुबह केवल 5 मिनट करने से आपका दिल और दिमाग फिट रहता है।

Image

benefits of Shoulder Stand

अगर आप भी अपनी सेहत को प्राकृतिक तरीके से बेहतर बनाना चाहते हैं, तो योग आपके लिए सबसे असरदार उपाय हो सकता है। यह सिर्फ दिमाग को शांत करने के लिए नहीं, बल्कि पूरे शरीर को दुरुस्त रखने के लिए जाना जाता है। कई बीमारियों से बचाव, शरीर में एनर्जी का लेवल बढ़ाना और मन को स्थिर रखने में योग की खास भूमिका होती है। ऐसे ही फायदेमंद योगासनों में एक है 'सर्वांगासन', इसे आम भाषा में शोल्डर स्टैंड भी कहा जाता है, क्योंकि इसमें शरीर को कंधों पर संतुलित किया जाता है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, सर्वांगासन हमारे शरीर की थायराइड और पैरा थायराइड ग्रंथियों को सक्रिय करता है। जब हम इस आसन को करते हैं, तो सिर नीचे और पैर ऊपर होते हैं, जिससे गर्दन के पास खून का बहाव बढ़ता है। इससे थायरॉयड ग्रंथि को ज्यादा ऑक्सीजन और पोषण मिलता है, जिससे उसका काम बेहतर होता है। यह हार्मोन संतुलन बनाए रखने में मदद करता है और मेटाबॉलिज्म को ठीक करता है। साथ ही, यह पैराथायराइड ग्रंथि को भी उत्तेजित करता है, जिससे हड्डियों में कैल्शियम का स्तर संतुलित रहता है।

शरीर की मजबूती

सर्वांगासन करने से बाहों और कंधों की ताकत बढ़ती है, क्योंकि इस आसन में शरीर का पूरा भार इन्हीं पर टिका होता है। इससे मांसपेशियां मजबूत बनती हैं और शरीर में स्थिरता आती है। साथ ही, यह आसन रीढ़ की हड्डी को भी लचीलापन देता है। जब हम इस मुद्रा में रहते हैं, तो रीढ़ सीधी और संतुलित रहती है और पीठ दर्द में राहत मिलती है। यह आसन शरीर को संतुलित और मजबूत बनाने में मदद करता है।

दिमाग होता तेज

यह मस्तिष्क तक ज्यादा मात्रा में रक्त पहुंचाने में मदद करता है। जब हम उल्टी दिशा में खड़े होते हैं, यानी सिर नीचे और पैर ऊपर होते हैं, तो गुरुत्वाकर्षण के कारण खून आसानी से दिमाग की तरफ बहता है। इससे मस्तिष्क को ऑक्सीजन और पोषक तत्व अच्छी मात्रा में मिलते हैं, जो उसकी कार्यक्षमता को बेहतर बनाते हैं। यह एकाग्रता बढ़ाने, तनाव कम करने और मानसिक थकान दूर करने में मदद करता है। नियमित अभ्यास से याददाश्त तेज होती है और मन शांत रहता है।

दिल रहेगा जवां

इससे हृदय में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे उसकी कार्यक्षमता में सुधार आता है। जब हम इस आसन में रहते हैं, तो शरीर उल्टा होने से खून आसानी से दिल और फेफड़ों की तरफ बहता है। इससे दिल को ज्यादा ऑक्सीजन और पोषण मिलता है, जिससे वह और मजबूती से काम करने लगता है। यह आसन ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में भी मदद करता है और हृदय रोगों के खतरे को कम करता है।

पाचन होगा दुरुस्त

इन सबके अलावा, सर्वांगासन एक ऐसा योगाभ्यास है जो कब्ज, गैस और अपच जैसी पाचन संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है। जब हम यह आसन करते हैं, तो पेट के अंगों पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे पाचन क्रिया बेहतर होती है और भोजन आसानी से पचता है। साथ ही, यह आसन नसों और तंत्रिका तंत्र को भी आराम देता है। शरीर में खून का बहाव संतुलित होता है, जिससे तनाव कम होता है और मन शांत रहता है।

कैसे करें सर्वांगासन

सर्वांगासन करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं और अपने हाथों को जांघों के पास रखें। फिर धीरे-धीरे अपने पैरों को उठाते हुए पहले 30 डिग्री, फिर 60 डिग्री और अंत में 90 डिग्री तक ले जाएं। अब अपने हाथों की मदद से पैरों को सिर की ओर ले आएं और सहारा देने के लिए हथेलियां पीठ पर रखें। इस दौरान अपने शरीर को इस तरह सीधा करें कि ठोड़ी छाती के ऊपर आकर लग जाए। इस स्थिति में कुछ समय तक रहें। फिर धीरे-धीरे अपनी प्रारंभिक अवस्था में वापस आ जाएं।

इनपुट - आईएएनएस

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article