मल्टीग्रेन आटा कैसे बनाएं, Multigrain Atta Ingredients: अगर आपको हेल्दी और फिट रहना है, तो आपकी डाइट संतुलित व पोषक तत्वों से भरी हुई होनी चाहिए। साधारण सब्जी-रोटी, दाल वाली मील आमतौर पर भारतीयों को स्टेपल डाइट होती है। इस मील में दाल-सब्जी तो काफी हेल्दी है, लेकिन अगर आप गलत आटे की रोटी खा रहे हैं, तो ये सेहत के लिए खराब हो सकता है। ऐसे में मार्केट में इन दिनों फिटनेस फ्रीक लोगों के बीच में खास मल्टीग्रेन आटा खाने का चलन है। लेकिन बाजार में मिलने वाला आटा 100 प्रतिशत मिलावट मुक्त हो ये भी जरूरी नहीं है। ऐसे में आपके लिए हेल्दी घर का पीसा हुआ मल्टीग्रेन आटा अपनी डाइट में शामिल करना बेस्ट हो सकता है। देखें मल्टीग्रेन आटे में क्या क्या मिलाना चाहिए, घर पर आटा कैसे पीसे।
मल्टीग्रेन आटा में सामग्री अनुपात
घर पर अगर आप मल्टीग्रेन आटा पीसना चाहते हैं, तो आपको केवल 6 चीजों की जरूरत पड़ने वाली है। लेकिन इन चीजों का अनुपात एकदम ही सही होना चाहिए -
गेहूं का आटा - 5 किलो
काला चना - 500 ग्राम
जौ - 500 ग्राम
बाजरा या ज्वार - 500 ग्राम
मक्का - 250 ग्राम
सोयाबीन - 250 ग्राम
मल्टीग्रेन आटा कैसे बनाएं
मल्टीग्रेन आटा पीसने के लिए आपको सबसे पहले सारे अनाजों को अच्छे से साफ करना होगा। सभी में से किसी प्रकार के कंकड़-पत्थर की छटाई कर लें। फिर इन्हें साफ पानी से धोकर करीब 1-2 दिन तक तज धूप में सुखा लें।
अगर आप फुली-गोल और स्वादिष्ट रोटी बनाना चाहते हैं, तो आप इन अनाजों को पीसने से पहले हल्का सा रोस्ट कर सकते हैं। ये वाली जादुई टिप आपके आटे में अलग सा स्वाद एड कर देगी। इससे अनाज की नमी दूर हो जाती है, और फिर सौंधी और अच्छी खुशबू आने लगती है।
अनाज जब तैयार हो जाए, तब आपको इन सबको 5 किलो गेहूं के आटे के साथ मिलाना है। और ज्यादा बारीक नहीं बल्कि थोड़ा सा दरदरा पीस लेना है।
इस आटे को लंबे समय तक एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं। मल्टीग्रेन रोटियां बहुत ही स्वादिष्ट लगती हैं। और इनको बनाना भी काफी आसान है।
मल्टीग्रेन आटे की रोटियां बनाने के लिए आपको आटे को हल्के गरम पानी से गूंथना होगा। वहीं इसे करीब 10-12 मिनट के लिए ढककर रखना भी असरदार होगा।
