बिजनेस

Bank Holidays November 2026: नवंबर में कितने दिन, कब-कब बंद रहेंगे बैंक, शाखा जाने से पहले देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

Bank holidays November 2026: नवंबर महीने में भी कई दिन बैंक बंद रहेंगे। आइए जानते हैं एसबीआई, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक समेत देश भर में सभी बैंक किस-किस दिन बंद रहेंगे। देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट।

Image

Bank Holidays November 2026

Photo : iStock

Bank holidays November 2026 : अगर आपको नवंबर 2026 में बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। देश के प्रमुख बैंकों जैसे भारतीय स्टेट बैंक (SBI), HDFC बैंक और ICICI बैंक में जाने से पहले आपको नवंबर महीने की छुट्टियों की लिस्ट जरूर चेक कर लेनी चाहिए। नवंबर का महीना त्योहारों से भरा होता है, इसलिए देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में कई दिन बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में अगर आप पहले से योजना बनाकर नहीं निकलेंगे, तो आपको बैंक के दरवाजे पर ताला लटका मिल सकता है और आपका समय खराब हो सकता है।

राज्यों और त्योहारों के अनुसार अलग-अलग होंगी छुट्टियां

बैंकों की छुट्टियां पूरे देश में एक समान नहीं होती हैं। किसी एक शहर या राज्य में बैंक बंद होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि पूरे भारत में बैंक काम नहीं करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, क्षेत्रीय त्योहारों और स्थानीय मान्यताओं के आधार पर अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग दिन अवकाश घोषित किया जाता है। नवंबर 2026 में दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा, गुरु नानक जयंती और कनकदास जयंती जैसे प्रमुख पर्व आ रहे हैं। इसके अलावा, महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को भी देशभर के बैंक नियमानुसार बंद रहेंगे।

शनिवार और रविवार की नियमित बैंक छुट्टियां

त्योहारों की क्षेत्रीय छुट्टियों के अलावा, देश के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को पूरी तरह बंद रहते हैं। नवंबर 2026 में 14 नवंबर को महीना का दूसरा शनिवार है और 28 नवंबर को चौथा शनिवार है। इन दोनों दिनों में पूरे भारत के बैंकों में अवकाश रहेगा। इसके साथ ही रविवार को मिलने वाली साप्ताहिक छुट्टियां भी लागू रहेंगी।

9 से 11 नवंबर: दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज का अवकाश

नवंबर की शुरुआत में ही त्योहारों के कारण कई शहरों में लगातार बैंक बंद रहेंगे:-

  • 9 नवंबर: त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान, और उत्तर प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। इस दिन दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य में छुट्टी रहेगी।
  • 10 नवंबर: गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड, सिक्किम में बैंक सेवाएं बंद रहेंगी। इस दिन बलि प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत का नया साल मनाया जाएगा।
  • 11 नवंबर: सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में भाई दूज, निंगोल चकोबा और चित्रगुप्त जयंती के अवसर पर छुट्टी रहेगी। ध्यान देने योग्य बात यह है कि सिक्किम में 9 नवंबर से 11 नवंबर तक लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।

13 से 20 नवंबर: वांगला उत्सव, छठ पूजा और इगास-बगवाल

महीने के मध्य में भी कई राज्यों में स्थानीय त्योहारों की वजह से कामकाज प्रभावित रहेगा:-

  • 13 नवंबर: मेघालय में 'वांगला उत्सव' के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा।
  • 16 नवंबर: बिहार और झारखंड का सबसे बड़ा लोकपर्व 'छठ पूजा' मनाया जाएगा, जिसकी वजह से दोनों राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।
  • 20 नवंबर: उत्तराखंड के देहरादून में 'इगास-बगवाल' पर्व के उपलक्ष्य में स्थानीय बैंक अवकाश रहेगा।

23 से 27 नवंबर: गुरु नानक जयंती और कनकदास जयंती

नवंबर के अंतिम सप्ताह में भी कई बड़े शहरों में बैंकों की लंबी छुट्टियां देखने को मिलेंगी:-

  • 23 नवंबर: मेघालय में 'सेंग कुट स्नेम' के अवसर पर एक बार फिर बैंक बंद रहेंगे।
  • 24 नवंबर: यह इस महीने का सबसे बड़ा क्षेत्रीय बैंक अवकाश होगा। गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और रहास पूर्णिमा के कारण नई दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड,जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, झारखंड समेत देश के दर्जनों मुख्य शहरों में बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे।
  • 27 नवंबर: कर्नाटक में 'कनकदास जयंती' के अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा। खास बात यह है कि 27 नवंबर को शुक्रवार की छुट्टी के तुरंत बाद 28 नवंबर को चौथा शनिवार पड़ रहा है, जिससे कर्नाटक में लगातार दो दिन बैंक बंद रहेंगे।

इन शहरों में क्षेत्रीय छुट्टियां नहीं, पर शनिवार का नियम रहेगा लागू

तमिलनाडु, असम , केरल, गोवा, आंध्र प्रदेश में ऊपर बताई गई कोई भी विशेष क्षेत्रीय छुट्टी नहीं है। हालांकि, इन शहरों में भी दूसरे और चौथे शनिवार (14 और 28 नवंबर) तथा रविवार के नियम के तहत बैंक बंद रहेंगे।

ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह

अगर आपको बैंक शाखा जाकर चेक जमा करना, ड्राफ्ट बनवाना, या कैश निकालना जैसे काम निपटाने हैं, तो समय रहते अपने नजदीकी बैंक की छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें। हालांकि, बैंकों की शाखाएं बंद रहने के दौरान भी एटीएम (ATM), नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी, जिससे आप ऑनलाइन लेनदेन आसानी से पूरा कर सकते हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article