आज का सुविचार (Aaj ka Pradosh Vrat, Shiv Ji se Kya Seekhein): जीवन में समस्याओं का आना स्वाभाविक है, लेकिन समस्या आते ही घबरा जाना या उससे भागना हमें और कमजोर बना देता है। भगवान शिव से जुड़ी कई कहानियां और कथाएं यही सिखाती हैं कि संकट से भागना नहीं, बल्कि उसे संभालना ही सच्ची शक्ति है। आज 16 जनवरी 2026 को शुक्र प्रदोष व्रत पर शिवजी से मिलने वाली सीख के बारे में हम आपको यहां बता रहे हैं। पढ़ें आज का सुविचार और सीखें अंदरूनी शक्ति।
शिव जी की नीलकंठ कथा: संकट को संभालने का संदेश
समुद्र मंथन के समय जब हलाहल विष निकला, तो पूरा संसार भयभीत हो गया। कोई भी उस विष को स्वीकार करने को तैयार नहीं था। तब भगवान शिव ने बिना किसी भय के उस विष को पी लिया, लेकिन उसे अपने कंठ में ही रोक लिया। यही कारण है कि वे नीलकंठ कहलाए।
यह कथा हमें सिखाती है कि हर समस्या को दिल और दिमाग पर हावी नहीं होने देना चाहिए। संकट को समझदारी और संयम से नियंत्रित करना ही असली समाधान है।
क्या आप भी समस्या आते ही पीछे हट जाते हैं?
अक्सर हम कठिन हालात देखकर घबरा जाते हैं, जिम्मेदारी से बचने लगते हैं या हालात को कोसने लगते हैं। लेकिन शिव जी की तरह अगर हम धैर्य, शांति और आत्मबल से काम लें, तो वही समस्या हमारी ताकत बन सकती है। इसके लिए जरूरी है कि हर कठिन परिस्थिति को खुद पर हावी न होने दें। समस्या से भागना नहीं, उसका सामना करना सीखें
विष को अमृत बनाने की कला
कहा भी गया है ना कि संयम और धैर्य से लिया गया निर्णय सबसे सही होता है। ध्यान रखें कि संकट चाहे जितना बड़ा क्यों न हो, अगर मन शांत है और सोच स्थिर है, तो हर विष अमृत बन सकता है।
