UPITS 2026 Traffic Advisory: उत्तर प्रदेश को ग्लोबल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026' (UPITS) के चौथे संस्करण की शुरुआत होने जा रही है। 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय महाकुंभ का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
UPITS 2026 के मुख्य आकर्षण
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का आयोजन 25 सितंबर यानी आज से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में किया जाएगा। इस वर्ष ट्रेड शो की थीम “अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर…” रखी गई है। शो में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध खाद्य संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को विशेष आकर्षण के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन के दौरान बिजनेस आवर्स सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और पब्लिक आवर्स दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किए गए हैं। इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित छह देशों को पार्टनर कंट्री बनाया गया है। व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने वाले इस मेगा इवेंट में 2,400 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जबकि 1.5 लाख से ज्यादा B2B खरीदारों, 4.5 लाख सामान्य आगंतुकों और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है।
ट्रैफिक पुलिस की सख्त एडवाइजरी: भारी वाहनों की नो-एंट्री
सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने विस्तृत खाका तैयार किया है। 24 से 29 सितंबर तक जिले में सुबह 7:00 बजे से रात 11:00 बजे तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दूध, फल, सब्जी, दवाइयों व आपातकालीन चिकित्सीय सेवाओं से जुड़े वाहनों को पाबंदी से मुक्त रखा गया है।
यातायात संबंधी सहायता के लिए वाहन चालक 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।
एक्सपो मार्ट तक पहुंचने के लिए निर्धारित रूट व पार्किंग प्लान
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन: हरनंदी कट से सर्विस रोड होकर तिलपता गोलचक्कर, रामा मिल्क बार सर्विस रोड तिराहा और गलगोटिया के पास बनी पार्किंग में वाहन पार्क कर एक्सपो मार्ट जा सकेंगे।
सूरजपुर व परीचौक की ओर से आने वाले वाहन: एलजी गोलचक्कर से भारत गोलचक्कर होकर नॉलेज पार्क-2 होते हुए एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे।
कासना-तिलपता व जीएसटी बंधा की ओर से: एलजी गोलचक्कर से ईस्टर्न कॉरिडोर सर्विस रोड व जीएसटी बंधे से होते हुए निर्धारित पार्किंग तक जाएंगे।
प्रदर्शनी सामग्री वाले ट्रक: शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर और साजीपुर गोलचक्कर से 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर व रामपुर-फतेहपुर तिराहे के पास बनी ट्रक पार्किंग में पार्क होंगे।
कार्यक्रम समाप्ति के बाद निकासी और मालवाहक वाहनों का डायवर्जन
निकासी मार्ग: एक्सपो मार्ट से वापसी के समय वाहन सीधे एक्सपोपोर्ट की ओर न जाकर एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा, सोरखा पर्थला, किसान चौक या सेक्टर-37 होकर निकलेंगे।
गाजियाबाद/दिल्ली जाने वाले वाहन: शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, तिलवाड़ा गोलचक्कर और दादरी-इंद्रापुरम होकर NH-24/09 का उपयोग करेंगे।
दिल्ली बॉर्डर डायवर्जन: चिल्ला और DND बॉर्डर पर प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों को यू-टर्न दिलाकर NH-24/09 व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) की ओर भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले मालवाहकों को जेवर टोल से पूर्व ही अलीगढ़-टप्पल मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
