Peetal ke bartan kaise saaf karein: घरों में अक्सर पूजा के तांबे के बर्तन या फिर सजावट के लिए रखे गए पीतल और एल्यूमिनियम के शॉपिस कुछ समय बाद काले पड़ना शुरू हो जाते हैं। इनको साफ करने में बहुत मेहनत लगती है। हालांकि कड़ी मेहनत के बावजूद ये बर्तन और चीजें अच्छी तरह साफ नहीं हो पाते हैं। ऐसे में महिलाएं स्टील, तांबे, पीतल और एलुमिनियम के बर्तनों को साफ करने के लिए बाजार से अलग-अलग पाउडर खरीदकर लाती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार जैसा पितांबरी पाउडर आप बड़ी आसानी से किचन में मौजूद कुछ चीजों की मदद से भी बना सकती हैं। तो आइए जानते हैं कैसे।
पीतल के बर्तन साफ करने के लिए पाउडर बनाने की सामग्री
1.नींबू के छिलके
2.नमक
3.बेकिंग सोडा
पीतल के बर्तन साफ करने के लिए पाउडर कैसे बनाएं
होममेड पितांबरी बनाना बेहद आसान है। इसे बनाने के लिए पहले नींबू के छिलकों को पूरी तरह सुखाएं। फिर मिक्सी में डालकर पाउडर बना लें। मिक्सी में इसे अच्छे से पीसने के बाद आपको महीन पाउडर मिलेगा। तैयार पाउडर को एक छननी में छान लें, ताकि बड़े या अनचाहे पार्टिकल्स अलग हो जाएं। अब आपके पास एक प्लेट में सिर्फ इस्तेमाल होने वाला पाउडर रह जाएगा। अब इसमें नमक और बेकिंग सोडा मिलाएं। इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें ताकि सभी सामग्री आपस में मिल जाएं और एक समान पाउडर तैयार हो। इसके बाद इस पाउडर को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर लें। इसे आप लंबे समय तक इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस पाउडर को कैसे यूज करें
जब भी आपके पीतल के बर्तन धूल या गंदगी से भरे हों, इस पाउडर का इस्तेमाल करें। बस पाउडर लेकर स्क्रबर में इस होममेड पितांबरी को बर्तनों पर लगाए और हल्के हाथ से रगड़ें। कुछ ही मिनटों में आपके बर्तन एकदम चमकदार और साफ नजर आएंगे। यह पाउडर न सिर्फ पीतल बल्कि अन्य धातु के बर्तनों के लिए भी सुरक्षित और फायदेमंद है।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
