लाइफस्टाइल

पहली क्लास के टॉपर्स की मार्कशीट पर छिड़ी बहस, ये बड़ी तैयारी का तरीका या इमोशनल टॉर्चर

First Class Toppers: कर्नाटक के एक स्कूल ने जारी की पहली क्लास की टॉपर लिस्ट ने लोगों को चौंका दिया है। अब लोगों के बीच बहस छिड़ गई है कि क्या ऐसे बच्चों का बचपन छीना जा रहा है।

Image

पहली क्लास के टॉपर्स की लिस्ट

First Class Toppers: हाल ही में कर्नाटक के एक स्कूल की कक्षा 1 के छात्रों की टॉपर लिस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसकी वजह नन्हे बच्चों के असाधारण अंक थे। किसी बच्चे ने 99%, तो किसी ने लगभग हर विषय में पूरे नंबर हासिल किए थे। इंटरनेट पर जैसे ही यह सूची सामने आई, लोगों के बीच तगड़ी बहस शुरू हो गई। कुछ लोग बच्चों की मेहनत और स्कूल की शिक्षा प्रणाली की तारीफ करने लगे, तो कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या इतनी छोटी उम्र में बच्चों पर जरूरत से ज्यादा पढ़ाई का दबाव डाला जा रहा है? क्या पहली कक्षा के बच्चे अब खेल, कहानियों और कल्पनाओं की दुनिया से निकलकर सीधे ‘परफॉर्मेंस’ और ‘रैंक’ की दुनिया में पहुंच गए हैं? यही सवाल आज देशभर के लाखों माता-पिता और शिक्षकों के सामने खड़ा है। आइए जानते हैं कैसे नंबर्स की दौड़ में पिछड़ रहा बचपन का मजा?

कैसे बदल रहा बचपन का मतलब?

एक समय था जब पहली कक्षा का मतलब रंग भरना, कविता सुनाना, दोस्त बनाना और खेल-खेल में सीखना होता था। लेकिन आज बदलते दौर में तस्वीर काफी बदल चुकी है। अब कई स्कूलों में छोटे बच्चों के लिए भी टेस्ट, रैंकिंग, होमवर्क और परफॉर्मेंस रिपोर्ट बेहद गंभीर विषय बन गए हैं। बच्चे स्कूल से लौटने के बाद ट्यूशन, एक्टिविटी क्लास और असाइनमेंट में व्यस्त दिखाई देते हैं।

कई माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा शुरू से ही 'सबसे आगे' रहे। यही सोच धीरे-धीरे बच्चों के मासूम बचपन को प्रतिस्पर्धा में बदल रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि शुरुआती शिक्षा का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा और सीखने की खुशी पैदा करना होना चाहिए, न कि केवल उन्हें अंक लाने की मशीन बनाना है।

बचपन में सीखने का तरीका

बचपन में सीखने का तरीका

सोशल मीडिया ने बढ़ाई चमक

आज के दौर में बच्चों की उपलब्धियां सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं रहतीं। सोशल मीडिया पर रिपोर्ट कार्ड, मेडल और ट्रॉफी की तस्वीरें तेजी से वायरल होती हैं। इस खबर पर हमसे बात करते हुए केंद्रीय विद्यालय के रिटायर्ड प्रिंसिपल हरीश चावला कहते हैं, कि 'पहली कक्षा के बच्चों के टॉपर संस्कृति को सामान्य मानना चिंताजनक है। इस उम्र में बच्चों का मुख्य काम खेलना, सीखना और स्वाभाविक रूप से विकसित होना है, न कि प्रतिस्पर्धा की दौड़ में शामिल होना। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा और आत्मविश्वास विकसित करना होना चाहिए। अगर छोटी उम्र से ही नंबरों की होड़ शुरू हो जाएगी, तो बचपन का संतुलन बिगड़ सकता है। यह केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा के व्यावसायीकरण पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।'

क्या कहती है नई शिक्षा नीति?

भारत की नई शिक्षा नीति भी शुरुआती शिक्षा में 'रटने' के बजाय अनुभव आधारित शिक्षा पर जोर देती है। इसमें कहा गया है कि छोटे बच्चों के लिए पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि रोचक बनाया जाना चाहिए। इस नीति में खेल-आधारित शिक्षा, रचनात्मक सोच और कौशल विकास को अहम माना गया है। इसका उद्देश्य यही है कि बच्चे सिर्फ परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक बेहतर जीवन के लिए सीखें। हालांकि जमीनी स्तर पर अभी भी कई स्कूलों और परिवारों में नंबरों की दौड़ जारी है।

नई शिक्षा नीति

नई शिक्षा नीति

क्या मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है नंबर्स का दबाव?

मनोवैज्ञानिक डॉ. कशिका जैन का कहना है कि, 'पहली कक्षा में बच्चों को ‘टॉपर’ की पहचान देना जितना आकर्षक दिखता है, उतना ही संवेदनशील मुद्दा भी है। 5 से 7 साल की उम्र वह पड़ाव होती है, जहां बच्चे अपनी भावनाएं समझना, आत्मविश्वास बनाना और दुनिया को जिज्ञासा से देखना सीखते हैं। ऐसे में जब उनकी पहचान सिर्फ नंबरों और रैंक से जुड़ने लगती है, तो उनके भीतर असफलता का डर और हमेशा बेहतर साबित होने का दबाव बढ़ सकता है। एक स्वस्थ बचपन केवल परफेक्ट मार्क्स से नहीं, बल्कि उस माहौल से बनता है जहां बच्चा गलतियां करने के बाद भी खुद को सुरक्षित, स्वीकार किया हुआ और खुश महसूस करे।'

विशेषज्ञ कहते हैं कि हर बच्चा अलग होता है। किसी बच्चे की रुचि पढ़ाई में ज्यादा हो सकती है, तो कोई खेल, कला या संगीत में बेहतर हो सकता है। लेकिन जब हर बच्चे से एक जैसा प्रदर्शन अपेक्षित किया जाता है, तो कई बार उनका नेचुरल विकास प्रभावित होता है। बचपन में मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और खुश रहना उतना ही जरूरी है जितना पढ़ाई में अच्छे नंबर लाना।

मनोवैज्ञानिक अरौबा कबीर का कहना है कि 'कुछ अभिभावक अपने बच्चों को हर हाल में आगे देखना चाहते हैं। इसी कारण छोटी कक्षाओं में भी रैंक और प्रतिशत को बहुत महत्व दिया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे बच्चों के मन पर गलत असर पड़ सकता है। जो बच्चे टॉप नहीं कर पाते, वे खुद को कमजोर समझने लगते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास कम हो सकता है और मानसिक तनाव भी बढ़ सकता है।'

लोगों ने बताया इमोशनल टॉर्चर

लोगों ने बताया इमोशनल टॉर्चर

इमोनल टॉर्चर बता रहे लोग

सोशल मीडिया पर वायरल हुई टॉपर लिस्ट को देखकर कई लोगों ने इसे “इमोशनल टॉर्चर” तक कहा है। उनका मानना है कि इतनी छोटी उम्र में बच्चों पर परफेक्ट नंबर लाने का दबाव डालना मानसिक तनाव पैदा कर सकता है। कई यूजर्स ने लिखा कि बचपन खेलने, सीखने और खुश रहने का समय है, न कि हर समय तुलना और रैंक की दौड़ में शामिल होने का। लोगों का कहना है कि अगर शुरुआत से ही बच्चों को सिर्फ नंबरों से आंका जाएगा, तो वे असफलता के डर और भावनात्मक दबाव का शिकार हो सकते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article