Fathers Day 2026: आमतौर पर भारतीय समाज में मां और बच्चों का रिश्ता अधिक स्नेह का प्रतीक माना जाता है। लेकिन आपको बता दें कि मां की ममता की तरह पिता का स्नेह भी जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होता है। पिता केवल परिवार के संरक्षक ही नहीं होते, बल्कि वे बच्चों के पहले मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और सबसे बड़े समर्थक भी होते हैं। इसी रिश्ते के सम्मान में हर साल फादर्स डे मनाया जाता है। यह दिन पिता के त्याग, मेहनत और उनके अनमोल योगदान को धन्यवाद देने का अवसर देता है। आइए जानते हैं साल 2026 में फादर्स डे कब (Fathers Day Date 2026) मनाया जाएगा और क्यों खास है ये दिन?
साल 2026 में भारत में फादर्स डे कब है
भारत में फादर्स डे हर साल जून महीने के तीसरे रविवार को मनाया जाता है। इसके आधार पर साल 2026 में फादर्स डे 21 जून, रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन लोग अपने पिता को खास महसूस कराने के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। इसके साथ ही वह उन्हें उपहार भेंट करते हैं और उनके साथ यादगार पल बिताते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- सुबह-सुबह स्कूल जाने में नाटक क्यों करते हैं बच्चे, पीछे हो सकती है ये 3 बड़ी वजहें, न करें नजरअंदाज
कैसे और कब हुई फादर्स डे की शुरुआत
फादर्स डे मनाने की शुरुआत 20वीं सदी की शुरुआत में अमेरिका से मानी जाती है। माना जाता है कि एक महिला ने अपने पिता के सम्मान में इस दिन को मनाने की पहल की थी। इसके बाद धीरे-धीरे यह परंपरा दुनिया के कई देशों में लोकप्रिय हो गई। आज भारत सहित अनेक देशों में फादर्स डे बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।
फादर्स डे मनाने के आसान तरीके
यदि आप इस फादर्स डे को खास बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए महंगे गिफ्ट खरीदना जरूरी नहीं हैं। इनकी जगह आप एक भावनात्मक संदेश, हाथ से बनाया गया कार्ड या परिवार के साथ बिताया गया समय भी पिता के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। आप इस खास दिन उनके फेवरेट फूड्स की व्यवस्था कर सकते हैं, पुरानी यादों को ताजा कर सकते हैं या उनके साथ किसी छोटी-सी आउटिंग की योजना बना सकते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- ओवन नहीं है तो क्या हुआ! कुकर में बिना नमक के केक बनाने का नया तरीका हो रहा है वायरल
रिश्तों को मजबूत करने का खास मौका
आपको बता दें कि फादर्स डे केवल एक सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि रिश्तों को और मजबूत बनाने का मौका भी है। आज तेजी से बदलती और बिजी लाइफस्टाइल के बीच यह दिन हमें याद दिलाता है कि पिता के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करना कितना जरूरी है। एक छोटा-सा धन्यवाद, एक प्यार भरा हग और कुछ यादगार पल इस दिन को खास बना सकते हैं।
आगामी 21 जून को मनाया जाने वाला फादर्स डे 2026, अपने पिता को यह बताने का बेहतरीन अवसर है कि वे आपके जीवन में कितने महत्वपूर्ण हैं। आखिरकार पिता ही तो वह मजबूत आधार होते हैं जिनके सहारे जीवन की कई चुनौतियां आसान लगने लगती हैं।
