बढ़ती उम्र के साथ चेहरे पर रिंकल्स का आना एक आम बात है। लेकिन जब ये उम्र से पहले आ जाए तो चिंता की बात है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि उम्र से पहले चेहरे पर रिंकल्स क्यों निकल आते हैं। 30 की उम्र के बाद चेहरे पर फाइन लाइन्स नज़र आने लगते हैं। वहीं कुछ लोगों में 20 की उम्र में भी लक्षण नज़र आने लगते हैं। ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे किन वजहों से उम्र से पहले चेहरे पर रिंकल्स नज़र आने लगते हैं।
सूर्य की हानिकारक किरणें
यह झुर्रियों का सबसे आम कारण है। सूरज की हानिकारक पराबैंगनी (UV) किरणें त्वचा के कोलेजन और इलास्टिन को नुकसान पहुंचाती हैं। कोलेजन और इलास्टिन ऐसे प्रोटीन हैं जो त्वचा को कसाव और लोच प्रदान करते हैं। इसलिए, धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना न भूलें।
पानी की कमी
पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से त्वचा बेजान दिखती है। डिहाइड्रेशन से त्वचा की नमी और लोच कम हो जाती है, जिससे फाइन लाइन्स और झुर्रियां नज़र आने लगती हैं। त्वचा को हाइड्रेटेड रखने के लिए पर्याप्त पानी जरूर पिएं।
धूम्रपान
धूम्रपान ब्लड सर्कुलेशन को प्रभावित करता है और कोलेजन उत्पादन को कम करता है। यह त्वचा में ब्लड फ्लो को कम करता है, जिससे उम्र बढ़ने की प्रक्रिया तेज हो जाती है और झुर्रियां जल्दी दिखाई देती हैं।
खराब खान-पान
पोषक तत्वों से भरपूर आहार न लेने की वजह से भी स्किन डैमेज होती है। विटामिन C, विटामिन E, और ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे एंटीऑक्सीडेंट की कमी से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है और झुर्रियां जल्दी आ सकती हैं। जंक फूड और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन भी त्वचा के लिए हानिकारक हो सकता है।
स्ट्रेस
बहुत ज़्यादा तनाव लेने से शरीर में कॉर्टिसोल नामक हार्मोन की मात्रा बढ़ जाती है। कॉर्टिसोल कोलेजन के उत्पाद को कम करता है, जिससे त्वचा ढीली हो जाती है और समय से पहले झुर्रियां नज़र आने लगती है।
