Homemade chyawanprash : सर्दियों में च्यवनप्राश खाने से शरीर को इम्यूनिटी मिलती है। साथ ही यह कई तरह की समस्याओं से दूर रखने में आपकी मदद करता है। ऐसे में कई लोग नियमित रूप से च्यवनप्राश का सेवन करते हैं। लेकिन आधुनिक समय में खानपान में कई तरह की मिलावटें हो रही हैं, ऐसे में लोगों को च्यवनप्राश में भी मिलावट होने का डर सताता है। अगर आपको भी च्यवनप्राश में मिलावट का डर है तो परेशान न हों। आज हम आपको इस लेख में घर पर च्यवनप्राश बनाने का तरीका और इससे होने वाले फायदों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं च्यवनप्राश?
घर पर च्यवनप्राश बनाने का क्या है तरीका?
आवश्यक सामग्री
आंवला – 750 ग्राम
गुड़ पाउडर – 750 ग्राम
शहद – 85 ग्राम
तिल का तेल – 65 मिली
घी – 250 ग्राम
पाउडर बनाने के लिए सामग्री
तेज पत्ता – 5 ग्राम
सूखा अदरक – 10 ग्राम
चंदन – 10 ग्राम
इलायची – 25 ग्राम
त्रिफला – 12 ग्राम
दशमूल – 5 ग्राम
मिर्च – 5 ग्राम
जायफल – 5 ग्राम
लौंग – 5 ग्राम
दालचीनी – 5 ग्राम
नागकेसर – 2.5 ग्राम
प्रवाल भस्म – 2.5 ग्राम
विधि
- घर पर च्यवनप्राश बनाने के लिए सबसे पहले पाउडर के लिए लिखी सामग्री को अच्छी तरह से पीसकर पाउडर तैयार कर लें। अब इसे एक तरफ रख दें।
- इसके बाद आंवला को अच्छी तरह से धोकर इसे सूती कपड़ों की मदद से सुखा लें। अब कांटे वाली चम्मच की मदद से आंवले के चारों को गोदें।
- इसके बाद इसे कुकर में डालकर करीब 2 सीटी आने तक पकाएं।
- जब आंवला ठंडा हो जाए, तो इसके बीजों को निकालकर इसे अच्छी तरह से मैश करें।
- इसके बाद एक पैन गर्म करें। इसमें तिल का तेल, घी और गुड़ डालें।
- फिर इसमें मैश किया हुआ आंवला डालकर धीमी आंच पर पकाएं। आंवला तब तक पकाएं, जब तक इसका पानी न सूख जाएं। इसके बाद इसमें तैयार किए हुए पाउडर को मिलाएं।
- अब गैस बंद कर लें। फिर इसमें शहद मिक्स करें। अब सभी सामग्री को अच्छी तरह से मिलाकर इसे ठंडा होने दें। लीजिए घर पर च्यवनप्राश तैयार है। अब आप इसे जार में भरकर रख दें।
च्यवनप्राश का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसके सेवन से सर्दियों में होने वाली कई परेशानियां जैसे- सर्दी-जुकाम, अस्थमा की परेशानी, गले में दर्द और खराश, पेट में दर्द, नाक बहना जैसी समस्याएं कम की जा सकती हैं। इसके अलावा इसके कई लाभ हो सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)
