लाइफस्टाइल

चाट चटकारे: असली स्वाद का दूसरा नाम है बनारस की टमाटर चाट, लेकिन और भी बेमिसाल जायके हैं यहां, देखें बाबा की नगरी का चटकार खाना

  • Authored by: Ritu raj
  • Updated Jun 12, 2025, 02:06 PM IST

बनारस की चाट के चटकारे - भारतीय जीभ को सबसे ज्यादा लत है चाट के स्वाद की। आंखों से पढ़ें ये शब्द आपकी आत्मा तक को चाट के स्वाद का अमृत चखा देंगे - बस देखते रहें हमारी स्पेशल चाट सीरीज चाट चटकारे। पार्ट 1 में पढ़ें बनारसी चाट के बारे में। जानें इस शहर की चाट वैराइटी, टमाटर चाट की रेसिपी, इसे कैसे हेल्दी बनाएं और वहां जाकर कहां खाएं आदि की विस्तृत जानकारी।

Image

Tamatar Chaat.

बनारस की चाट के चटकारे - कहते हैं, जो बनारस जाता है वो बनारस का होकर रह जाता है। मां गंगा की आरती, यहां की गलियों में छुपी शांति या फिर यहां के जायकेदार खाने बार बार आपको अपनी तरफ आकर्षित करते हैं। लेकिन एक और बात है जो बनारस की ओर खींचती है। वो है यहां का खाना, खासतौर पर चाट। ऐसे में इस शहर को चाट की काशी कहना भी गलत नहीं है।

बनारस में खाने के लिए ऐसे ऐसे पकवान मिलते हैं जिनका स्वाद चखने लोग विदेशों से भी आते हैं। बनारस के स्ट्रीट फूड्स की बात की जाए तो चाट का नाम सबसे ऊपर आता है। चाट के बिना बनारस का फूड टूर अधूरा है। बनारस में चाट की कई वैरायटी मिलती है, जिसे खाने के बाद आप उसके स्वाद को भूल नहीं पाएंगे। तो चलिए जानते हैं बनारस में कितने प्रकार की चाट मिलती है, कौन सी चाट फेमस है, साथ ही जानेंगे बनाने की रेसिपी। लेकिन इससे पहले हम आपको अपनी सीरीज के बारे में बता दें।

इसे हम खासतौर पर चाट और स्ट्रीट फूड लवर्स के लिए लेकर आए हैं जिसमें अलग-अलग तरीके से चाट, इसकी लोकेशंस, रेसिपी आदि के बारे में विस्तार से बात करेंगे। तो पहली कड़ी में पढ़ें बनारस और यहां की चाट के बारे में।

बनारसी चाट के ठाठ

1

1

बनारस में कितने प्रकार की चाट मिलती है - इसके बारे में जानेंगे तो चखने का लालच आपको इस शहर में पहुंचा ही देगा। मगर पहले जानें कि यहां आपको किन चाट को जरूर खाकर आना है।

टमाटर चाट

यह बनारस की सबसे प्रसिद्ध और अनोखी चाट है। ये उबले और मैश किए हुए टमाटर, आलू, प्याज, हरी मिर्च, धनिया और कई तरह के मसालों से तैयार किए जाते हैं। इसमें देसी घी का तड़का भी ऐड किया जाता है और इसका खट्टा-मीठा, तीखा स्वाद इसे बेहद खास बनाता है। कई जगहों पर इसे मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

आलू टिक्की चाट

कुरकुरी आलू टिक्की को दही, इमली की चटनी, हरी चटनी और मसालों के साथ परोसा जाता है।

दही भल्ला

उड़द दाल और मूंग दाल से बने मुलायम और गहरे तले हुए भल्ले को दही, चटनी और अनार के दानों के साथ परोसा जाता है।

पालक पत्ता चाट

ताज़े पालक के पत्तों को बेसन के घोल में लपेटकर तला जाता है और फिर उसे दही, चटनी और मसालों के साथ परोसा जाता है। यह एक क्रिस्पी और स्वादिष्ट विकल्प है।

चना चाट

उबले हुए चने को मसालों, प्याज, टमाटर और चटनी के साथ मिलाकर बनाया जाता है।

खास मसालों का तड़का

बनारस की चाट में इस्तेमाल होने वाले मसाले बहुत खास होते हैं और उन्हें अक्सर पारंपरिक तरीकों से तैयार किया जाता है। देसी घी का इस्तेमाल भी इसके स्वाद को बढ़ाता है।

बनारस की चाट की खूबी परोसने का तरीका

2

2

बनारस की चाट सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि परोसने के स्टाइल की वजह से भी प्रसिद्ध है। कई जगहों पर चाट को प्लास्टिक के बजाय पत्तों से बनी कटोरी या मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा जाता है। इससे जायका और खाने के बाद की तृप्ति -दोनों बढ़ जाते हैं।

बनारसी चाट का अंबानी कनेक्शन

बनारस में कई तरह की चाट फेमस हैं, लेकिन सबसे ज़्यादा टमाटर चाट प्रसिद्ध है। यह बनारस की एक खास चाट है जिसे लोग दूर-दूर से खाने आते हैं। टमाटर चाट की दीवानगी का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी जब काशीविश्वनाथ गई थीं तो इस जायकेदार चाट का स्वाद चखने काशी चाट भंडार पहुंच गईं। इतना ही नहीं उन्होंने इस चाट की जमकर तारीफ की और चाट बनाने वाले कारीगरों को अपने छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी में चाट का स्टॉल लगाने की भी अपील की।

टमाटर चाट की रेसिपी

अगर आपका मन तुरंत टमाटर की चाट खाने का है लेकिन बनारस जाने का प्लान बन नहीं पा रहा है, तो हम यहां इस चाट की पांरपरिक रेसिपी शेयर कर रहे हैं। ये रेसिपी हमने वहीं के एक वेंडर से पूछकर आपके लिए लिखी है।

टमाटर चाट की सामग्री

3

3

टमाटर बेस के लिए:

  • टमाटर - 4-5 मध्यम आकार के (बारीक कटे हुए)
  • उबले हुए आलू - 2-3 मध्यम आकार के (मैश किए हुए)
  • घी - 1-2 बड़े चम्मच
  • जीरा - ½ छोटा चम्मच
  • अदरक - 1 इंच (कद्दूकस किया हुआ या बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 1-2 (बारीक कटी हुई, स्वादानुसार)
  • हल्दी पाउडर - ½ छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच (रंग के लिए, तीखा कम होता है)
  • नमक - स्वादानुसार
  • काला नमक - ½ छोटा चम्मच
  • अमचूर पाउडर - ½ छोटा चम्मच
  • गरम मसाला - ¼ छोटा चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर - ½ छोटा चम्मच
  • हरा धनिया - 1-2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • नींबू का रस - ½ नींबू (या स्वादानुसार)

चाशनी (सिरप) के लिए:

  • चीनी - 2 बड़े चम्मच
  • पानी - ½ कप
  • भुना जीरा पाउडर - ¼ छोटा चम्मच
  • काला नमक - ¼ छोटा चम्मच

गार्निशिंग के लिए:

  • घी - 1 छोटा चम्मच (सर्व करते समय)
  • सेव या नमक पारे - (कुरकुरापन के लिए)
  • बारीक कटा हुआ प्याज
  • हरी चटनी
  • इमली की चटनी

बनारसी टमाटर चाट बनाने का तरीका

4

4

1. चाशनी करें तैयार

एक छोटे पैन में चीनी और पानी मिलाकर उबाल लें। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए तो इसमें भुना जीरा पाउडर और काला नमक डालकर 1-2 मिनट और पकाएं। चाशनी को ज्यादा गाढ़ा न करें, इसे एक पतला सिरप की तरह बनाएं।

2. टमाटर बेस तैयार करें

एक कड़ाही या पैन में घी गरम करें। इसमें जीरा डालें। अब कद्दूकस किया हुआ अदरक और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड के लिए भूनें। आंच धीमी कर दें और हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर 30 सेकंड के लिए भूनें, ताकि मसाले जलें नहीं। अब बारीक कटे हुए टमाटर, नमक और काला नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। पैन को ढक दें और टमाटर को धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकने दें, जब तक कि वे थोड़े नरम न हो जाएं। ढक्कन हटाकर टमाटर को हल्का सा मैश करें। अब इसमें थोड़ा पानी डालकर मिलाएं और 2-3 मिनट और पकाएं। मैश किए हुए उबले आलू डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अब अमचूर पाउडर, गरम मसाला और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। कुछ मिनट तक पकाएं जब तक कि मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए और घी किनारे छोड़ने लगे। गैस बंद कर दें और इसमें कटा हुआ हरा धनिया और नींबू का रस डालकर मिलाएं।

चाट को परोसने का तरीका

एक प्लेट में तैयार टमाटर का बेस लें। इसके ऊपर 1 छोटा चम्मच गरम घी डालें। अब इसके ऊपर तैयार की हुई जीरे वाली चाशनी (चीनी का सिरप) 2-3 चम्मच डालें। अगर आप चाहें तो बारीक कटा प्याज, हरी चटनी और इमली की चटनी भी डाल सकते हैं। अंत में, सेव या नमक पारे से गार्निश करें और तुरंत गरमागरम परोसें।

5

5

टमाटर चाट को हेल्दी कैसे बनाएं

एक कटोरी या दोना बनारसी टमाटर चाट (100 ग्राम चाट) में 106 कैलोरीज होती हैं। अगर आप फिटनेस फ्रीक हैं तो चीनी की मात्रा घटाकर भी शानदार टमाटर चाट बना सकते हैं। अक्सर चाट में ऊपर से नमकीन और सेव डाले जाते हैं, जो कैलोरी और सोडियम बढ़ाते हैं। इनका उपयोग कम करें। आप उनकी जगह भुनी हुई मूंगफली या भुने हुए मखाने का उपयोग कर सकते हैं।

वहीं इतनी कैलोरीज को बर्न करने के लिए तेज कदमों से 15 से 20 मिनट की वॉक करें, 10 मिनट साइकिल चलाएं या 14 मिनट स्विमिंग करें।

घर पर बनानी है टमाटर तो ध्यान रखें :

टमाटर: ताज़े, लाल और पके हुए टमाटर खरीदें। टमाटर एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन C से भरपूर होते हैं।

आलू की मात्रा कम करें: आलू के बिना टमाटर चाट अधूरा है। लेकिन अगर आप हेल्दी खाना चाहते हैं तो चाट में आलू की मात्रा कम करें या पूरी तरह से हटाकर आप इसे और हेल्दी बना सकते हैं। यदि आप आलू का इस्तेमाल करें, तो उन्हें बहुत ज्यादा मैश करने के बजाय छोटे टुकड़ों में काट लें।

सब्जियां बढ़ाएं: टमाटर के अलावा, आप अपनी चाट में अन्य ताजी सब्जियां जैसे खीरा, गाजर, शिमला मिर्च, उबले हुए हरे चने या अंकुरित दालें मिला सकते हैं। ये फाइबर, विटामिन और खनिज जोड़ेंगे।

चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल

टमाटर चाट में चाशनी डाली जाती है और ये चीनी से बनती है। ऐसे में इसकी जगह आप गुड़ या खजूर की चटनी का इस्तेमाल करें।

घी-तेल की जगह करें इसका इस्तेमाल

घी या तेल का इस्तेमाल कम करें। यदि आप इस्तेमाल करते हैं, तो स्वस्थ विकल्प जैसे जैतून का तेल या तिल का तेल चुनें।

6

6

बनारस में चाट की फेमस दुकानें

अगर बनारस में टमाटर चाट खाने पहुंच रहे हैं तो इसका बेस्ट टेस्ट कहां मिलेगा। इसके लिए इन दुकानों को आजमा सकते हैं। इस लिस्ट को हमने अपने सहयोगियों के अनुभवों से तैयार किया है।

काशी चाट भंडार

बनारस में चाट के लिए काशी चाट भंडार, जो गोदौलिया पर स्थित है, यहां की फेमस दुकान है। यहां की चाट का स्वाद चखने विदेशों से भी लोग आते हैं। ये चाट हाउस काशी विश्ननाथ मंदिर के पास स्थित है। इस वजह से यहां भारी भीड़ उमड़ती है। यहां आपको बिना लहसुन और प्याज के चाट चखने को मिलेंगे।

काशी चाट भंडार खुलने का समय

अगर आप बनारस काशी चाट भंडार में टमाटर की चाट का स्वाद लेने आ रहे हैं, तो बता दें, सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक ये खुला रहता है। यहां सुबह से ही चाट खाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ती है।

दीनानाथ चाट भंडार

अगर आप चाट के दीवाने हैं तो दीनानाथ चाट भंडार की चाट को टेस्ट करना न भूलें। यहां आपको अलग-अलग तरीके की चाट मिल जाएंगी, लेकिन यहां सबसे ज्यादा टमाटर चाट खाना पसंद की जाती है। इसके अलावा यहां के गोलगप्पे, आलू टिक्की, और गुलाब जामून भी खूब पसंद किए जाते हैं।

विश्वनाथ चाट भंडार

अगर आप कुल्हड़ में चाट का जायका चखना चाहते हैं तो विश्वनाथ चाट भंडार जरूर जाएं। यहां आपको अलग-अलग वैरायटी में चाट और कई स्ट्रीट फूड मिल जाएंगे। अगर आप एक चटोरे फूडी हैं तो ये जगह आपके लिए बेस्ट हो सकती है।

कितनी होती है बनारसी चाट की कीमत

टमाटर की चाट की एक प्लेट की कीमत 35 से 40 रुपये तक होती है। हां, इसके कद्रदानों की कमी नहीं है तो जब भी जाएं तो लाइन और इंतजार करने के लिए रेडी रहें।

लेकिन टमाटर की चाट आई कहां से...

और अंत में जान लें कि बनारसी टमाटर की चाट का इतिहास करीब 80 साल पुराना है। दीना नाथ केसरी नाम के एक व्यक्ति बनारस की सड़कों पर टमाटर चाट बेचते थे। टमाटर की रसीली खटास, मिर्च का तीखापन और इमली का खट्टा-मीठा स्वाद वह कुल्हड़ में परोसते थे। ये जायका उनकी विरासत बन गई और आज दुनिया भर में स्वाद का परचम लहरा रही है।

Ritu raj
Ritu rajauthor

<p>ऋतु राज टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में लाइफस्टाइल डेस्क में बतौर चीफ कॉफी एडिटर कार्यरत हैं। उनकी हेल्थ और लाइफस्टाइल की खबरों पर अच्छी पकड़ है। यहां वो एक्सप्लेनर और लाइफस्टाइल की ट्रेंडिंग खबरों को लोगों के लिए परोसने का काम करते हैं। उनकी फूड, पैरेंटिंग, ब्यूटी पर अच्छी पकड़ है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की। वो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। ऋतु राज ने पिछले 6 सालों में एनडीटीवी, जनसत्ता जैसे बड़े संस्थानों में अलग अलग बीट्स पर काम किया है। हालांकि उनकी खास रूची न्यूज, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में रही है। ऋतु राज एक वॉयस ओवर आर्टिस्ट भी रहे हैं। उन्होंने एनडीटीवी में वॉयस ओवर आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया है। यहां उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 को भी कवर किया और खबरों को धार देना सीखा। साल 2021 में एनडीटीवी से इस्तीफा देने के बाद ऋतुराज ने जनसत्ता के साथ जुड़े और यहां वेब स्टोरीज पर अपनी रफ्तार बनाई और अलग अलग एंगल से खबरों को बनाना सीखा।</p>

और पढ़ें
End of Article