Asha Parekh Dinner Diet: अपने जमाने की मशहूर अदाकार आशा पारेख अब 84 साल की हो चुकी हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी आशा पारेख अपने खानपान को लेकर काफी सजग नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने डिनर की फोटो शेयर की थी। इस फोटो में भोजन को लेकर उनकी सादगी और अनुशासन साफ झलक रहा था। तस्वीर शेयर करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि वह अमूमन रात में क्या खाती हैं। आइए जानते हैं कि ढलती उम्र में किस तरह के डाइट से आशा पारेख अपने आप को एक्टिव बनाए हुई हैं:
डिनर में सबसे पहले गर्म सूप
आशा पारेख के मुताबिक उनके डिनर की शुरुआत हमेशा गर्म सूप से होती है। शेर की गई फोटो में भी सूप दिख रहा है। सूप का फायदा यह है कि यह शरीर को तरल देता है और अगर इसमें सब्जियां या प्रोटीन शामिल हों तो यह भोजन को ज्यादा पौष्टिक भी बना सकता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक सूप को बहुत ज्यादा क्रीम, मक्खन या नमक से भरने के बजाय सब्जियों से तैयार करना बेहतर विकल्प है। गाजर, टमाटर, पालक या कद्दू जैसी सब्जियों से बना सूप रात के खाने का अच्छा हिस्सा हो सकता है।
मल्टीग्रेन ब्रेड का सैंडविच
आशा पारेख डिनर में मल्टीग्रेन आटे से बने ब्रेड का सैंडविच खाती हैं। मल्टीग्रेन या होल-ग्रेन ब्रेड, उसकी सामग्री के आधार पर, रिफाइंड सफेद ब्रेड की तुलना में ज्यादा फाइबर दे सकती है। फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखने और पाचन के लिए उपयोगी होता है।
हालांकि सैंडविच को वास्तव में संतुलित बनाने के लिए उसके अंदर क्या भरा गया है, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक सब्जियों के साथ पनीर, टोफू, अंडा या बीन्स जैसे प्रोटीन स्रोत जोड़ने से इसमें प्रोटीन की मात्रा बढ़ सकती है।
ताजा जूस भी डिनर का हिस्सा
आशा पारेख अपने डिनर के साथ एक गिलास ताजा जूस भी लेती हैं। तस्वीर में दिख रहा जूस तरबूज का बताया जा रहा है। हालांकि यहां एक बात ध्यान देने वाली है। फल का जूस कुछ विटामिन और तरल जरूर देता है, लेकिन जूस निकालने के दौरान फल का काफी फाइबर कम हो जाता है। इसलिए रोजाना के लिए पूरे फल को जूस की तुलना में बेहतर विकल्प माना जाता है। अगर जूस लिया जाए तो उसमें अतिरिक्त चीनी नहीं मिलानी चाहिए।
आशा पारेख की डाइट से क्या सीखें?
आशा पारेख का डिनर कोई स्ट्रिक्ट डाइट नहीं है। इसमें गर्म सूप, अनाज, सब्जियां और फल से बना पेय शामिल है। यही इसकी खासियत है। आशा पारेख का डिनर यह सीख देता है कि रात का खाना हल्का हो सकता है, लेकिन उसमें फाइबर, प्रोटीन और दूसरे जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन होना भी उतना ही जरूरी है।
