दाल..भारतीय भोजन की ऐसी चीज है जो अमीर-गरीब, गांव-शहर और साधारण से लेकर शाही खाने तक हर जगह अपनी जगह बना लेती है। घर में बनी गरम दाल पर घी का तड़का पड़ जाए तो खाने का स्वाद ही बदल जाता है। सोचिए अगर इसी दाल पर घी के साथ 24 कैरेट सोने का तड़का पड़ जाए तो? दुबई में कुछ ऐसा ही हो रहा है। मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार के रेस्टोरेंट कश्कन में सोने के तड़के वाली दाल परोसी जा रही है।
कितने में बिक रही है सोने वाली दाल
रणवीर बरार ने इस खास डिश का नाम द ट्रेजर बॉक्स ऑफ दाल कश्कन दिया है। इसे लकड़ी के खास बॉक्स में परोसा जाता है। इसकी कीमत 68 यूएई दिरहम यानी करीब 1700 रुपये बताई गई है। दाल में उड़द की दाल का इस्तेमाल होता है और इसे दाल मखनी से मिलता-जुलता आधार दिया गया है।
खास बात यह है कि इसके ऊपर 24 कैरेट सोने से तैयार किया गया घी का तड़का डाला जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक इस तड़के को करीब 72 घंटे तक सोने के साथ तैयार किया जाता है।
स्वाद में कैसी है सोने के तड़के वाली दाल?
दुबई के फूड क्रिएटर्स प्रिंस और निम्मी ने इस दाल को चखा और अपना अनुभव शेयर किया है। उन्हें पहले लगा था कि सोने की वजह से दाल बहुत भारी या बेहद क्रीमी होगी, लेकिन ऐसा नहीं था। उनके मुताबिक दाल स्वादिष्ट और अपेक्षाकृत हल्की लगी।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि उन्हें सोने का कोई अलग स्वाद महसूस नहीं हुआ। उन्हें मुख्य रूप से घी और दाल का स्वाद ही मिला। दोनों ने इस डिश को 10 में से 9 नंबर दिए और इसकी कीमत को भी उनके अनुभव के हिसाब से उचित बताया।
क्या सोना खाने से शरीर को कोई फायदा मिलता है?
यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। खाने योग्य शुद्ध सोना शरीर को कोई खास पोषण नहीं देता। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक एडिबल गोल्ड शरीर में आसानी से टूटता या अवशोषित नहीं होता और आम तौर पर छोटी मात्रा में यह बिना पचे शरीर से बाहर निकल जाता है। यानी दाल में सोना डालने का मकसद सेहत बढ़ाना नहीं, उसे शाही और आकर्षक बनाना है।
वैसे इस दाल की खासियत 24 कैरेट सोने के तड़के से ज्यादा उस सोच की है जिसमें भारत की बेहद आम और घरेलू दाल को दुबई की चमक-दमक के साथ जोड़ दिया गया है। दाल वही है, तड़का भी लगभग वही..बस इस बार कटोरी में घी के साथ सोने की चमक भी उतर आई है।
