Feet Swelling in Winters: सर्दियों का मौसम आते ही कई लोगों को एक परेशान करने वाली समस्या का सामना करना पड़ता है। जी हां पैर की उंगलियों में सूजन ऐसी ही एक आम समस्या है। सुबह उठते ही जूते पहनने में दिक्कत, उंगलियों में हल्का दर्द या भारीपन महसूस होना ये सभी लक्षण अक्सर ठंड के मौसम से जोड़कर नजरअंदाज कर दिए जाते हैं। लेकिन क्या आपने सोचा है कि आखिर ठंड के मौसम में ही यह समस्या क्यों बढ़ती है? आपको बता दें कि इसके पीछे सिर्फ ठंड नहीं, बल्कि शरीर की कई आंतरिक प्रक्रियाएं भी जिम्मेदार होती हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
ठंड में क्यों सूज जाती हैं उंगलियां?
सर्दियों में तापमान कम होने के कारण खुद को गर्म रखने के लिए शरीर हाथ-पैरों की रक्त वाहिकाओं (ब्लड वेसल्स) को सिकोड़ देता है। इस प्रक्रिया को वेसोकंसट्रिक्शन कहा जाता है। इस तरह पैरों की ओर रक्त का प्रवाह कम हो जाता है, तो वहां तरल पदार्थ जमा होने लगता है, जिससे उंगलियों में सूजन आ सकती है।
फिजिकल एक्टिविटी की कमी
इसके अलावा ठंड में फिजिकल एक्टिविटी की कमी भी पैरों में सूजन का कारण बन जाती है। लंबे समय तक बैठे रहना और कम चलने-फिरने के कारण हमारे पैरों की ओर ब्लड सर्कुलेशन कम होने लगता है। जिससे पैरों की उंगलियों में सूजन की समस्या हो सकती है।
कैसे करें बचाव
सर्दियों में उंगलियों को सूजने से बचाने के लिए जरूरी है कि आप अपने पैरों को गर्म रखें। इसके लिए आप मोजे पहन कर रखें, नंगे पैर जमीन पर न चलें, हल्की एक्सरसाइज रोजाना करें। इसके अलावा गुनगुने पानी में पैरों को डालकर बैठें। इसके अलावा डाइट में पानी और नमक का संतुलन बनाए रखें।
