Bina Mitti ke kaun sa paudha lagaye: आजकल शहरों में रहने वाले लोग अपने घर को हरा-भरा और ताजा रखने के लिए इंडोर गार्डनिंग (gardening tips in hindi) की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। लेकिन छोटे फ्लैट, कम जगह और मिट्टी की गंदगी की वजह से कई लोग पौधे लगाने से बचते हैं। ऐसे में बिना मिट्टी के उगने वाले पौधे एक शानदार विकल्प बनकर सामने आए हैं। ये पौधे सिर्फ पानी, कंकड़ या हवा में भी आसानी से बढ़ सकते हैं और घर की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं। खास बात यह है कि इनकी देखभाल भी बेहद आसान होती है।
क्या बिना मिट्टी के उग सकते हैं पौधे
अक्सर लोगों को लगता है कि किसी भी पौधे के लिए मिट्टी जरूरी होती है, लेकिन ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। कई पौधे ऐसे होते हैं जो हाइड्रोपोनिक तरीके यानी पानी में या हवा से नमी लेकर भी आसानी से बढ़ सकते हैं। यही वजह है कि आजकल बिना मिट्टी वाले पौधे घरों, ऑफिस और कैफे में खूब देखने को मिल रहे हैं। ये पौधे कम मेहनत में भी लंबे समय तक हरे-भरे बने रहते हैं।
बिना मिट्टी के मनी प्लांट कैसे उगाएं
मनी प्लांट सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले इंडोर पौधों में से एक है। इसे केवल पानी से भरी बोतल या कांच के ग्लास में लगाया जा सकता है। इसकी बेल तेजी से बढ़ती है और घर को नेचुरल लुक देती है। मनी प्लांट को ज्यादा धूप की जरूरत नहीं होती, इसलिए इसे कमरे के अंदर भी आसानी से रखा जा सकता है। समय-समय पर पानी बदलते रहने से यह लंबे समय तक ताजा बना रहता है।

बिना मिट्टी के उगने वाले पौधों की लिस्ट
बिना मिट्टी के लकी बैंबू कैसे उगाएं
लकी बैंबू देखने में बेहद आकर्षक लगता है और इसे वास्तु व फेंगशुई में शुभ माना जाता है। इसे छोटे कंकड़ों और पानी वाले पारदर्शी कंटेनर में रखा जाता है। यह पौधा घर और ऑफिस दोनों जगहों पर काफी अच्छा लगता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बहुत कम देखभाल की जरूरत होती है।
बिना मिट्टी के स्पाइडर प्लांट कैसे उगाएं
स्पाइडर प्लांट हवा को साफ करने वाले पौधों में गिना जाता है। इसकी लंबी हरी पत्तियां घर की सजावट को बेहद सुंदर बना देती हैं। इसे पानी में भी आसानी से उगाया जा सकता है। कम रोशनी में भी यह पौधा अच्छी तरह बढ़ता है, इसलिए इसे बेडरूम या ड्राइंग रूम में रखना बेहतर माना जाता है।
बिना मिट्टी के एयर प्लांट कैसे उगाएं
एयर प्लांट सबसे अलग और अनोखा पौधा माना जाता है। इसे मिट्टी की बिल्कुल जरूरत नहीं होती। यह हवा से नमी और पोषक तत्व लेकर जीवित रहता है। इसे लकड़ी, दीवार या सजावटी स्टैंड पर रखा जा सकता है। इसकी देखभाल के लिए सिर्फ हल्का पानी स्प्रे करना काफी होता है।
बिना मिट्टी के पोथोस पौधा कैसे उगाएं
पोथोस एक तेजी से बढ़ने वाला बेल वाला पौधा है जिसे पानी में आसानी से लगाया जा सकता है। इसकी हरी पत्तियां घर को फ्रेश और शांत माहौल देती हैं। कम धूप में भी यह अच्छी तरह बढ़ता है और ज्यादा देखभाल भी नहीं मांगता।
बिना मिट्टी वाले पौधों के फायदे
इन पौधों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि घर में मिट्टी की गंदगी नहीं फैलती। छोटे घरों और फ्लैट्स में भी इन्हें आसानी से रखा जा सकता है। ये पौधे न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाते हैं बल्कि वातावरण को ताजा और साफ रखने में भी मदद करते हैं। कई पौधे हवा में मौजूद हानिकारक तत्वों को कम करने का काम भी करते हैं।
बिना मिट्टी के उगने वाले पौधों की देखभाल कैसे करें
बिना मिट्टी वाले पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए पानी को नियमित रूप से बदलना जरूरी होता है। इन्हें तेज धूप की बजाय हल्की और प्राकृतिक रोशनी में रखना चाहिए। अगर पानी में पौधे लगा रहे हैं तो महीने में एक-दो बार लिक्विड न्यूट्रिएंट डालने से उनकी वृद्धि बेहतर होती है। साथ ही पौधों की जड़ों को साफ रखना भी जरूरी होता है।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
