बार-बार गैस, जोड़ों में दर्द की वजह कहीं वात दोष असंतुलन तो नहीं, बैलेंस करने के लिए अपनाएं ये आयुर्वेद उपाय
- Edited by: Vineet
- Updated Feb 1, 2026, 07:00 AM IST
Ayurvedic Remedies For Vata Imbalance: वात दोष के असंतुलन से शरीर में दर्द, रुखापन और बेचैनी बढ़ सकती है। आयुर्वेद में वात को संतुलित करने के लिए तेल सेवन, अभ्यंग, स्वेदन, सही आहार और गर्म पट्टी जैसे आसान उपाय बताए गए हैं। जानिए वात दोष क्या है, इसके लक्षण और इसे संतुलित रखने के प्राकृतिक आयुर्वेदिक तरीके।
वात दोष बैलेंस करने के आयुर्वेदिक नुस्खे
Ayurvedic Remedies For Vata Imbalance: आयुर्वेद के अनुसार हमारा शरीर तीन दोष - वात, पित्त और कफ से मिलकर बना होता है। इनका संतुलन बना रहे तो शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और तनाव की वजह से वात दोष का असंतुलन तेजी से बढ़ रहा है। इससे शरीर में रुखापन, बेचैनी, दर्द और थकान जैसी समस्याएं होने लगती हैं। आयुर्वेद में वात को शांत और संतुलित करने के कई आसान और प्राकृतिक उपाय बताए गए हैं।
वात दोष क्या है और इसका प्रभाव
आयुर्वेद में वात दोष को वायु और आकाश तत्व से जोड़ा गया है। यह शरीर में गति, ऊर्जा का संचार, सांस लेने की प्रक्रिया, हृदय की धड़कन और तंत्रिका तंत्र को नियंत्रित करता है। जब वात दोष असंतुलित होता है तो शरीर में रूखापन बढ़ता है, जोड़ों में दर्द, त्वचा और बालों में ड्राइनेस, नींद की समस्या और मानसिक बेचैनी महसूस हो सकती है।
स्नेहपान से करें वात को शांत
वात दोष को संतुलित करने का पहला और अहम तरीका है स्नेहपान यानी तेल का सेवन। बढ़े हुए वात को शांत करने के लिए तिल का तेल बेहद लाभकारी माना जाता है। इसकी तासीर गर्म होती है, जो शरीर में बढ़ी हुई वायु को संतुलन में लाने में मदद करती है। तिल के तेल को भोजन में सीमित मात्रा में शामिल किया जा सकता है।
अभ्यंग से दूर करें रुखापन
वात दोष का सीधा संबंध रुखेपन से होता है। ऐसे में नियमित रूप से तेल मालिश यानी अभ्यंग करना बहुत फायदेमंद होता है। पूरे शरीर पर तेल लगाना संभव न हो तो सिर, पैरों और कानों के पीछे तेल जरूर लगाएं। इससे त्वचा को पोषण मिलता है और तंत्रिका तंत्र भी सक्रिय होता है।
स्वेदन से बढ़ाएं ऊर्जा का प्रवाह
स्वेदन यानी शरीर से पसीना निकालना भी वात संतुलन का एक अहम तरीका है। जब पसीने के साथ शरीर से विषैले तत्व बाहर निकलते हैं तो ऊर्जा का प्रवाह बेहतर होता है। हल्का व्यायाम, योग या गुनगुने पानी से स्नान करने से स्वेदन की प्रक्रिया में मदद मिलती है।
सही आहार से मिलेगा संतुलन
वात दोष को संतुलित रखने के लिए आहार में खट्टा, मीठा और नमकीन रस का होना जरूरी माना गया है। ये तीनों रस वात को शांत करने में सहायक होते हैं। ध्यान रखें कि भोजन हमेशा ताजा और गर्म-गर्म ही करें, ठंडा और बासी खाना वात को और बढ़ा सकता है।
वेष्टन से दर्द में राहत
जब शरीर में वात बढ़ता है तो हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याएं परेशान करने लगती हैं। ऐसे में जिस हिस्से में ज्यादा दर्द हो, वहां गर्म पट्टी बांधना लाभकारी होता है। यह दर्द में आराम देने के साथ-साथ वात दोष के शमन में भी मदद करता है।
Inputs: IANS
नए साल 2026 की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे साथ देखें नए साल के खास बधाई संदेश, नए साल के संस्कृत शुभेच्छा संदेश, घर के बड़ों को हैपी न्यू ईयर कैसे कहें, न्यू ईयर विशेज फॉर हस्बैंड, वाइफ, बॉस, लव, नए साल के मोटिवेशनल बधाई संदेश, नए साल की देशभक्ति भरी विशेज। पढ़ें हैपी न्यू ईयर का जवाब कैसे दें। साथ ही देखें आज का राशिफल