लाइफस्टाइल

लहंगा-साड़ी नहीं इस रक्षाबंधन पहनें अदिति राव हैदरी सा गरारा-चोगा, त्योहारों में ऐसे पाएं रॉयल लेकिन मॉडर्न लुक

अदिति राव हैदरी के गरारा और चोगा लुक्स बताते हैं कि फेस्टिव फैशन में पुराना अंदाज भी बिल्कुल नया लग सकता है। सही रंग, कढ़ाई और एक्सेसरीज के साथ इन पारंपरिक आउटफिट्स को आसानी से मॉडर्न टच दिया जा सकता है।

Image

Aditi Rao Hyderi Garara And Choga Look

त्योहारों में हर बार लहंगा या अनारकली पहनना जरूरी नहीं है। अगर इस बार कुछ ऐसा ट्राय करना चाहती हैं जो पारंपरिक भी हो और थोड़ा हटकर भी, तो अदिति राव हैदरी के गरारा और चोगा लुक्स से आइडिया लिया जा सकता है। अदिति का फैशन अक्सर इसी वजह से खास लगता है कि वह पुराने दौर की खूबसूरती को आज के अंदाज में पेश करती हैं।

    उनके दो फेस्टिव लुक्स में एक तरफ साग रंग का खूबसूरत गरारा है, तो दूसरी तरफ लाल टिश्यू चोगा और मशरू सलवार का रिच कॉम्बिनेशन। दोनों लुक पूरी तरह अलग हैं, लेकिन इनमें एक बात कॉमन है, इनका शाही अंदाज बिना जरूरत से ज्यादा भारी लगे नजर आता है। यही इन लुक्स को फेस्टिव वॉर्डरोब के लिए दिलचस्प बनाता है। अगर आप भी इस बार कुछ अलग पहनने की सोच रही हैं, तो अदिति के इन लुक्स से काफी कुछ सीखा जा सकता है।

    साग रंग का गरारा है पहला स्टाइल इंस्पिरेशन

    अदिति ने पहले लुक में साग रंग का गरारा पहना है। सिल्क टिश्यू फैब्रिक इसे हल्की चमक देता है, जबकि हाथ की कढ़ाई, डबका और जाल का काम पूरे आउटफिट को रॉयल फील देता है।

    गरारे की खासियत उसका फ्लेयर्ड सिल्हूट है। चलते समय इसका घेरा खूबसूरती से खुलता है और पूरे लुक में एक अलग ही ग्रेस आ जाता है। मरून डिटेलिंग और गोल्डन एम्ब्रॉयडरी ने इस आउटफिट को और खास बनाया है।

    इसे अपने तरीके से कैसे स्टाइल करें?

    अगर आप गरारा पहन रही हैं तो उसके साथ बहुत ज्यादा हैवी ज्वेलरी पहनने की जरूरत नहीं है। एक चोकर, छोटे झुमके और मांगटीका काफी हो सकता है। बालों को लो बन में बांधकर गजरा लगाएं तो पूरा लुक और भी ट्रेडिशनल लगेगा। अगर आपको ज्यादा मॉडर्न लुक चाहिए, तो बाल खुले रखें और सिर्फ स्टेटमेंट ईयररिंग्स के साथ गरारा पहनें।

    दूसरा लुक है लाल चोगा और मशरू सलवार

    अदिति का दूसरा लुक उन लोगों के लिए बढ़िया इंस्पिरेशन है जिन्हें फेस्टिव सीजन में थोड़ा ड्रामेटिक और रिच स्टाइल पसंद है। उन्होंने लाल टिश्यू गिंगम चोगा पहना है, जिसे मशरू सलवार के साथ पेयर किया गया है।

    Aditi Rao Hydari Garara Designs

    Aditi Rao Hydari Garara Designs

    चोगे की हल्की फैब्रिक फील और सलवार की कढ़ाई एक-दूसरे को बैलेंस करती है। जरी, सितारा और अरी वर्क इसे शादी या किसी बड़े फेस्टिव फंक्शन के लिए शानदार विकल्प बनाते हैं।

    चोगे को ओवरड्रेस्ड होने से ऐसे बचाएं

    चोगा अपने आप में काफी स्टेटमेंट पीस है, इसलिए इसके साथ बाकी चीजों को थोड़ा सिंपल रखना बेहतर रहेगा। गोल्डन झुमके, छोटी बिंदी और सॉफ्ट मेकअप इस लुक को खूबसूरत बना सकते हैं।

    अगर आउटफिट बहुत ज्यादा कढ़ाई वाला है तो हैवी नेकलेस छोड़ना समझदारी होगी। इससे कपड़े की खूबसूरती भी नजर आएगी और लुक बोझिल भी नहीं लगेगा।

    ट्रेडिशनल कपड़े, लेकिन स्टाइल आपका

    अदिति के इन दोनों लुक्स की सबसे अच्छी बात यही है कि इन्हें हूबहू कॉपी करने की जरूरत नहीं है। गरारे के रंग को आप अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकती हैं। वहीं चोगे को सलवार की जगह स्ट्रेट पैंट या सिगरेट पैंट के साथ भी पहना जा सकता है।

    यानी फेस्टिव फैशन का मतलब सिर्फ वही पुराना स्टाइल दोहराना नहीं है। पुराने सिल्हूट को अपनी पर्सनैलिटी के हिसाब से ट्विस्ट देना ही असली स्टाइलिंग है।

    अदिति राव हैदरी के ये लुक्स यही दिखाते हैं कि गरारा और चोगा जैसे पारंपरिक आउटफिट आज भी बेहद फ्रेश लग सकते हैं। बस जरूरत है सही रंग, सीमित एक्सेसरीज और अपने अंदाज को उनमें शामिल करने की।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article