NASA Image: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के अंतरिक्ष यात्री मैथ्यू डोमिनिक तकरीबन चार महीने से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर मौजूद हैं। उन्होंने हाल ही में आईएसएस के भीतर से चंद्रोदय की एक मनमोहक तस्वीर कैप्चर की। इसमें अर्धचंद्राकार चंदा मामा पृथ्वी के वायुमंडल में तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
क्रू-8 मिशन में कौन-कौन है शामिल?
बता दें कि नासा के क्रू-8 मिशन के कमांडर मैथ्यू डोमिनिक ने 3 मार्च, 2024 को माइकल बराट, जेनेट एप्स और एलेक्जेंडर ग्रेबेनकिन के साथ आईएसएस के लिए रवाना हुए थे। छह माह के इस क्रू-8 मिशन को एलन मस्क के स्वामित्व वाली अंतरिक्ष कंपनी 'स्पेसएक्स' लॉन्च किया था। स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट की मदद मैथ्यू डोमिनिक सहित चारों अंतरिक्ष यात्रियों को आईएसएस में भेजा गया।
बकौल नासा, पृथ्वी का वायुमंडल समुद्र के नीले पानी की तरह दिखाई दे रहा है और इसके नीचे नारंगी और काले रंग की परतें दिख रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर किए गए प्रयोग किसी और दुनिया में जीवन को बनाए रखने के लिए जरूरी विज्ञानी आधारों पर आधारित हैं। आईएसएस अनुसंधान चंद्रमा पर आर्टेमिस मिशन के लिए आधार तैयार कर रहा है।
कैसे बना चंद्रमा?
नासा, इसरो सहित अन्य देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां चांद को लेकर विभिन्न प्रकार के अध्ययन कर रही हैं। हाल ही में चीन चंद्रमा की सतह से लगभग दो किली मिट्टी लेकर आया। जिससे कई तरह के रहस्यों से पर्दा उठ सकता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि चंद्रमा कैसे बना? तो हम कहेंगे कि तकरीबन 4.5 करोड़ वर्ष पूर्व पृथ्वी और थीया ग्रह के बीच जब आपस में टक्कर हुई थी तो उससे पैदा हुए मलबे के अवशेषों से चांद बना था। यह कोई ग्रह नहीं, बल्कि उपग्रह है और पृथ्वी का एक मात्र चंद्रमा है।
