नॉलेज

जब हजारों गानों को आपकी जेब तक पहुंचाकर एप्पल ने लॉन्च किया था क्रांतिकारी प्रोडक्ट, जानें

23 October History: दुनिया के इतिहास में 23 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। आज ही के दिन साल 2001 में स्टीव जॉब्स ने हजारों गीतों को श्रोताओं की जेब तक पहुंचाने का काम किया था। दरअसल, एप्पल ने बाजार में आईपॉड उतारा था, जो उस वक्त का सबसे क्रांतिकारी उत्पाद था।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • 1764 में बक्सर की लड़ाई में मीर कासिम की हार।
  • 1940 में ‘फुटबॉल के जादूगर’ कहे जाने वाले पेले का जन्म।
  • 2001 में एप्पल ने आईपॉड बाजार में पेश किया।

23 October History: वर्ष 1976 में स्टीव जॉब्स द्वारा स्थापित की गई कंपनी एप्पल को संचार क्रांति के अगुवा के तौर पर पहचाना जाता है। कंप्यूटर, मोबाइल, आईपॉड सहित ढेरों उत्पाद तैयार करने वाली एप्पल के उत्पाद गुणवत्ता में बाकी सबसे बेहतर माने जाते हैं। एप्पल ने ही 2001 में 23 अक्टूबर के दिन आईपॉड को बाजार में पेश किया। छोटे से आईपॉड ने हजारों गीतों को श्रोताओं की जेब तक पहुंचाने का काम किया और इसे उस समय दुनिया का सबसे सफल तथा क्रांतिकारी उत्पाद माना गया।

अपनी आर्म बॉल से लेकर फ्लाइट लेती गेंदों से दुनिया भर के बल्लेबाजों को चकमा देने वाले बिशन सिंह बेदी ने 23 अक्टूबर 2023 को अंतिम सांस ली। भारतीय स्पिन चौकड़ी की वह अबूझ पहेली ने कई दशक तक भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में अपना अमूल्य योगदान दिया था।

देश-दुनिया के इतिहास में 23 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1764 : बक्सर की लड़ाई में मीर कासिम की हार।

1850 : महिलाओं के अधिकारों को लेकर अमेरिका में पहली बार राष्ट्रीय महिला अधिकार सम्मेलन शुरू हुआ।

1940 : ‘फुटबॉल के जादूगर’ कहे जाने वाले पेले का जन्म। कहने को तो पेले का नाम दुनिया का बच्चा-बच्चा जानता है, लेकिन यह बहुत कम लोगों को मालूम है कि उनका पूरा नाम एडसन अरांतस डो नासिमेंतो है। ब्राजील का यह बेहतरीन खिलाड़ी अपने देश के लिए तीन बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहा।

1943 : नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा गठित आजाद हिंद फौज की रानी झांसी ब्रिगेड ने सिंगापुर में प्रशिक्षण शुरू किया।

1956 : बुडापेस्ट में व्यापक प्रदर्शन के साथ हंगरी की क्रांति का सूत्रपात। सोवियत शासन के खात्मे की मांग को लेकर हंगरी के लाखों लोग सड़कों पर उतर आए।

1956 : विश्व शांति के लिए परमाणु ऊर्जा का योगदान बढ़ाने के उद्देश्य से अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी।

1983 : आत्मघाती हमलावरों ने बेरूत में अमेरिका और फ्रांस की सेना की बैरकों पर विस्फोटक से भरा ट्रक चढ़ा दिया, जिससे अमेरिका के 241 और फ्रांस के 56 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।

2001 : एप्पल ने आईपॉड बाजार में पेश किया। नयी शताब्दी के शुरुआती वर्षों में इस उत्पाद ने संगीत के क्षेत्र में क्रांति लाने का काम किया।

2002 : मॉस्को में चेचन विद्रोहियों ने एक सांस्कृतिक केन्द्र पर हमला किया और थिएटर देखने आए तकरीबन 700 लोगों को बंधक बना लिया।

2004: जापान में भूकंप से 85 हजार लोग बेघर ।

2011: तुर्की में भीषण भूकंप से करीब 582 लोगों की मौत।

2020 : ब्रेक्जिट के बाद एक बड़े कदम के तहत जापान और ब्रिटेन ने एक द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए।

2022: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सबसे भारी रॉकेट ‘एलवीएम3-एम2’ ने अपने पहले वाणिज्यिक मिशन के तहत ब्रिटेन की कंपनी के 36 ब्रॉडबैंड संचार उपग्रहों को सफलतापूर्वक निर्धारित कक्षाओं में स्थापित करके इतिहास रच दिया।

2023 : भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन। उन्होंने एक पारी में 14 बार पांच विकेट और मैच में एक बार 10 विकेट चटकाए थे।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें