नॉलेज

किसी मुस्लिम देश की पहली महिला प्रधानमंत्री कौन थी? कितने दिनों तक चलाई सरकार, जानें

16 November History: दुनिया के इतिहास में 16 नवंबर का दिन कई महत्वपूर्ण घटनाओं के नाम दर्ज है। आज ही के दिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो ने बड़ी जीत हासिल कर सरकार बनाई थी, लेकिन 1990 में राष्ट्रपति ग़ुलाम इसहाक खान ने उनकी सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • 1713 में बाला जी विश्वनाथ को साहू ने पेशवा नियुक्त किया।
  • 1840 में न्यूजीलैंड ब्रिटिश उपनिवेश का हिस्सा बना।
  • 1846 में मशहूर शायर अकबर इलाहाबादी का हुआ था जन्‍म।

16 November History: बेनजीर भुट्टो को भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की कद्दावर सियासी शख्सियत में शुमार किया जाता है। उन्हें एक मुस्लिम देश की पहली महिला प्रधानमंत्री होने का गौरव हासिल था। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि उन्होंने यह पद दो बार संभाला। पहली बार वह 16 नवंबर 1988 को देश की प्रधानमंत्री चुनी गईं, जब उनकी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में सफलता हासिल की। दूसरी बार वह 1993 में प्रधानमंत्री बनीं। हालांकि, दोनों ही बार वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाईं।

वर्ष 1988 में बेनजीर ने बड़ी जीत हासिल कर सरकार बनाई, लेकिन 1990 में राष्ट्रपति ग़ुलाम इसहाक खान ने उनकी सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया। इसके बाद 1993 में वह दोबारा प्रधानमंत्री बनीं, लेकिन 1996 में भ्रष्टाचार के आरोपों में उनकी सरकार को दोबारा बर्खास्त कर दिया गया। उनका जीवन उतार चढ़ाव से भरपूर रहा और 27 दिसंबर 2007 को एक बम धमाके में उनकी मौत हो गई।

देश-दुनिया के इतिहास में 16 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1713 : बाला जी विश्वनाथ को साहू ने पेशवा नियुक्त किया।

1776 : ब्रिटिश सैनिकों ने अमेरिका की क्रांति के दौरान फोर्ट वाशिंगटन पर कब्जा किया।

1840 : न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश उपनिवेश का हिस्सा बना।

1846: उर्दू के मशहूर शायर अकबर इलाहाबादी का जन्‍म।

1849 : रूस के विश्वप्रसिद्ध लेखक फ़्योदोर दोस्तोवस्की को फांसी की सज़ा। क्राइम एंड पनिशमेंट, द ईडियट और द ब्रदर्स करमाज़ोव जैसी महान कृतियों के रचयिता फ्योदोर पर एक भूमिगत संगठन का सदस्य होने का आरोप लगा और उन्हें मौत की सजा सुनाई गई।

1860 : भारतीय श्रमिकों का पहला जत्था दक्षिण अफ्रीका के नटाल पहुंचा।

1916 : रूस के ला सतान्या स्थित कारखाने में विस्फोट से 1000 लोगों की मौत।

1933 : अमेरिका और सोवियत संघ के बीच राजनयिक संबंध स्थापित।

1945 : विश्व भर की सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करने वाले यूनेस्को का गठन।

1973 : स्काईलैब 4 को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ केप केनेवरल से 84 दिन के अभियान पर अंतरिक्ष में भेजा गया।

1973: बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद का जन्‍म।

1988 : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में जीत हासिल की और बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।

1997: चीन में 18 साल की कैद के बाद लोकतंत्र समर्थक वेई जिंगशेंग को स्वास्थ्य आधार पर जेल से रिहा किया गया।

2021: वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र मोहन तरूण का निधन।

2022: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में वाहन के फिसल कर खड्ड में गिरने से आठ लोगों की मौत।

2023: चीन के शांक्सी प्रांत में एक कोयला खदान कंपनी की इमारत में आग लगने से कम से कम 26 लोगों मौत, 38 लोग घायल।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें