जयपुर में चोरी की बड़ी वारदात, मालकिन ने रंगे हाथों पकड़ा तो दीवार पर कई बार मारा सिर, हुआ फरार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 11, 2022, 07:42 PM IST

Jaipur News: जयपुर के अशोक नगर थाना क्षेत्र में 20 दिन पहले रखे गए एक नौकर ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नौकर को चोरी करते हुए जब मालकिन ने देख लिया तो आरोपी ने महिला पर हमला बोल दिया।

जयपुर में चोरी की बड़ी वारदात, मालकिन ने रंगे हाथों पकड़ा तो दीवार पर कई बार मारा सिर, हुआ फरार

Jaipur Crime: जयपुर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के अशोक नगर थाना क्षेत्र में एक नौकर ने उसी घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जहां वह काम करता था। नौकर को चोरी करते हुए जब मालकिन ने पकड़ लिया तो उसने हमला बोल दिया। आरोपी नौकर ने पहले अपनी मालकिन को बंधक बनाकर बलात्कार का प्रयास किया, लेकिन पीड़िता ने बहादुरी से नौकर का मुकाबला किया तो उसे गुस्‍सा आ गया और वह पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगा। आरोपी ने पीड़िता के बाल पकड़कर सिर को कई बार दीवार में मार कर बेसुध कर दिया।

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसके पति व बेटे सुबह काम पर चले गए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे घर में करीब बीस दिन पहले रखा गया नौकर रोशन रसोई में काम कर रहा था। इस दौरान पीड़िता को नींद आ गई। पीड़िता ने बताया कि करीब 10 मिनट बाद जब नींद खुली तो नौकर को आवाज लगाई। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया और पास में रखा चाबियों का गुच्छा भी गायब था। जब वह नौकर को तलाशते हुए पहली मंजिल पर पहुंची तो आरोपी नौकर अलमारी खोलकर एक लाख रुपए और जेवर अपनी जेब में रख रहा था। जब पीड़िता ने उसे रोका तो उसने हमला बोल दिया।

बचाने आए लोगों को धक्‍का देकर भागा

पीड़िता ने बताया कि आरोपी नौकर के हमले में बेसुध होकर गिरने के बाद जब होश आया तो वो आरोपी के चंगुल से छूटकर प्रथम मंजिल से भूतल की तरफ चिल्लाते हुए भागी। पीड़िता के पीछे आरोपी भी भूतल पर पहुंच गया और पीड़िता का मुंह दबाने लगा, तब तक बाहर काम कर रहे दो मजदूरों ने दरवाजे की घंटी बजाई। पीड़िता ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर गेट खोल दिया। जिसके बाद आरोपी ने बाहर खड़े दोनों लोगों को धक्‍का देते हुए भाग खड़ा हुआ। वारदात के बाद घायल महिला ने अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस अब आरोपी नौकर की तलाश कर रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!