Rajasthan: गहलोत सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निशांत जैन होंगे जालौर के कलेक्टर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 14, 2022, 09:20 AM IST

राजस्थान सरकार ने प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 69 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए हैं। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

Rajasthan: गहलोत सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निशांत जैन होंगे जालौर के कलेक्टर

Jaipur: करौली हिंसा के बाद से ही विपक्ष के निशाने पर आई गहलोत सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 69 IAS अफसरों के तबादले किए हैं जबकि 7 IAS को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। गौर करने वाली बात ये हैं कि करौली हिंसा मामले के बाद करौली जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत का भी तबादला कर दिया गया है और उन्हें जयपुर विभागीय आयुक्त पद पर नई नियुक्ति दी है।

निशांत जैन जालौर के कलेक्टर

अंकित कुमार सिंह करौली के नए कलेक्टर होंगे। विमंदित बालिका से दुष्कर्म के मामले के बाद सुर्खियों में आए अलवर के कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया का भी तबादला कर दिया है और नकाते शिवप्रसाद मदन को अलवर का कलेक्टर बनाया है। राजस्थान टूरिज्म के निदेशक निशांत जैन को अब जालौर का कलेक्टर बनाया है। रश्मि शर्मा को निदेशक पर्यटन विभाग जयपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। इसी तरह प्रकाश चंद्र शर्मा  को बांसवाड़ा का कलेक्टर बनाया। 

करौली हिंसा के बाद निशाने पर है गहलोत सरकार

आपको बता दें कि करौली हिंसा को लेकर राजस्थान सरकार विपक्ष के निशाने पर है। बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के नेतृत्व में करौली जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने करौली-दौसा सीमा पर रोक दिया था। करौली-दौसा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस के अनुसार करौली में कर्फ्यू और धारा 144 के चलते भाजपा नेताओं को वहां जाने से रोका गया है। आपको बता दें कि करौली में नव संवत्सर के उपलक्ष्य में दो अप्रैल को मोटरसाइकिल रैली पर मुस्लिम बहुल क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव के बाद पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के चलते आगजनी व हिंसा की घटनाएं हुई थीं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!