Rahul Gandhi in Loksabha: लोकसभा में मंगलवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस हुई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सरकार ने वायु सेना के पायलटों के हाथ बांध दिए थे और उन्हें लड़ने के लिए भेज दिया। मोदी सरकार को घेरने के दौरान राहुल काफी 'जोश' में दिखे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर के लंच पर गुस्सा जाहिर करते हुए राहुल ने मेज को जोर से ठोका। इस पर लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला ने उन्हें टोकते हुए कहा कि 'मान्यवर! यह सदन की संपत्ति है, इसे मत तोड़िए।' इस पर राहुल गांधी ने कहा कि 'सॉरी सर, गलती हो गई।'
पीएम ने एक बार भी चीन का नाम नहीं लिया-राहुल
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान स्पष्ट रूप से यह नहीं बोल सके कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मध्यस्थता संबंधी दावा झूठा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में एक बार भी चीन का नाम नहीं लिया, जबकि सबको पता है कि पाकिस्तान के पीछे चीन का हाथ है। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में यह स्पष्ट किया कि दुनिया के किसी भी नेता ने भारत से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोकने के लिए नहीं कहा। उन्होंने लोकसभा में, ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए यह भी कहा कि भारत ने ‘पाकिस्तान की नाभि पर’ वार किया है।
'स्पष्ट रूप से नहीं कहा कि ट्रंप ने झूठ बोला'
प्रधानमंत्री के भाषण के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से नहीं कहा कि ट्रंप ने झूठ बोला है। शायद ट्रंप ने 29 बार यह दावा किया कि उन्होंने (भारत और पाकिस्तान के बीच) मध्यस्थता करवाई।’ उनका कहना था, ‘सबसे दिलचस्प बात है कि पूरे भाषण में चीन शब्द नहीं बोला। पूरा देश जानता है कि चीन ने पाकिस्तान की मदद की, लेकिन प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के मुंह से चीन शब्द नहीं निकला।’
अखिलेश ने पूछा- पहलगाम हमले की जिम्मेदारी किसकी है?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को इसका जवाब देना चाहिए कि आतंकवादी भारत में बार-बार कैसे घुस जाते हैं।
उन्होंने सवाल किया कि पहलगाम हमले की जिम्मेदारी किसकी है? यादव ने कहा, ‘भाजपा को बातों में कोई नहीं हरा सकता। अगर भाजपा को पाकिस्तान के पीछे जो है, उससे खतरा नहीं दिख रहा है तो फिर किसे दिखेगा क्योंकि वह सत्ता में हैं।’ उन्होंने कहा कि चीन से सबसे ज्यादा खतरा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री के भाषण की तारीफ की और कहा कि मोदी ने साफ-साफ कहा कि दुनिया में किसी का दबाव उनके ऊपर नहीं था। प्रसाद ने कहा, ‘कांग्रेस को उसके अतीत के बारे में बताना जरूरी था और प्रधानमंत्री ने पूरा बताया।’
