देश

पहलवानों को इंडिया गेट पर प्रदर्शन की नहीं मिलेगी इजाजत, दिल्ली पुलिस हुई अलर्ट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 30, 2023, 06:18 PM IST

​दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए और जंतर-मंतर में धरना स्थल से हटाए गए देश के शीर्ष पहलवानों ने अपने मेडल गंगा में प्रवाहित करने और आमरण अनशन की चेतावनी दी है।

Image

Wrestlers Protest

Photo : BCCL

Wrestlers Protest: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को इंडिया गेट पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी, राष्ट्रीय स्मारक प्रदर्शन स्थल नहीं है। दिल्ली पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बता दें कि पहलवानों ने अपने मेडल हरिद्वार जाकर गंगा में प्रवाहित करने और इंडिया गेट पर आमरण अनशन करने का एलान किया है। पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ और इसके अध्यक्ष ब्रजभूशण सिंह के खिलाफ दो महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि प्रदर्शनकारी पहलवानों को इंडिया गेट पर धरने की अनुमति नहीं दी जाएगी क्योंकि राष्ट्रीय स्मारक प्रदर्शनों का स्थल नहीं है और उनके प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थानों का सुझाव दिया जाएगा। देश के शीर्ष पहलवानों ने कहा है कि वे अपने पदक गंगा में बहा देंगे और इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। दिल्ली पुलिस ने रविवार को पहलवानों को जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल से हटा दिया था।

पुलिस के एक सूत्र ने कहा कि इंडिया गेट विरोध स्थल नहीं है और हम उन्हें (पहलवानों को) वहां प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं देंगे। सूत्र ने कहा कि उन्होंने इस तरह के किसी भी अनुरोध के साथ अब तक हमसे संपर्क नहीं किया है। अगर वे प्रदर्शन करना चाहते हैं, तो उन्हें संबंधित डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) को एक लिखित पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसके बाद फैसला किया जाएगा।

सूत्र ने कहा कि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के लिए निर्धारित रामलीला मैदान और बुराड़ी जैसे वैकल्पिक स्थलों का सुझाव देगी। पुलिस ने सोमवार को कहा कि पहलवानों को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन नहीं करने दिया जाएगा। पहलवान 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

मेडल गंगा में प्रवाहित करने का ऐलानदिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए और जंतर-मंतर में धरना स्थल से हटाए गए देश के शीर्ष पहलवानों ने अपने मेडल गंगा में प्रवाहित करने और आमरण अनशन की चेतावनी दी है। पहलवानों ने मंगलवार को कहा कि वे कड़ी मेहनत से जीते अपने पदक गंगा नदी में फेंक देंगे और इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। रियो ओलंपिक 2016 की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक बयान में कहा कि पहलवान मंगलवार को शाम छह बजे पदकों को पवित्र नदी में विसर्जित करने के लिए हरिद्वार जाएंगे।

पदक हमारी जान...

साक्षी ने बयान में कहा कि पदक हमारी जान हैं, हमारी आत्मा हैं। हम इन्हें गंगा में बहाने जा रहे हैं। इनके गंगा में बहने के बाद हमारे जीने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा इसलिए हम इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। साक्षी की साथी पहलवान विनेश फोगाट ने भी इस बयान को शेयर किया। मंगलवार को हरिद्वार में गंगा दशहरा है और बड़ी संख्या में लोग वहां पूजा करने आएंगे। रविवार को दिल्ली पुलिस ने साक्षी के साथ विश्व चैंपियनशिप की कांस्य विजेता विनेश फोगाट और एक अन्य ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया को हिरासत में लिया और बाद में उनके खिलाफ कानून और व्यवस्था के उल्लंघन के लिए केस दर्ज किया।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article