देश

Odisha Misdeed Case: आरोपी शिक्षक पर नहीं हुई कार्रवाई तो छात्रा ने खुद को लगाई आग; यौन उत्पीड़न से थी परेशान

Odisha Misdeed Case: ओडिशा के बालासोर जिले के एक महाविद्यालय की छात्रा ने यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर शनिवार को कथित तौर पर शैक्षणिक संस्थान परिसर में खुद को आग लगा ली और इस घटना में वह 90 प्रतिशत तक जल गई है। पीड़िता के मित्रों के मुताबिक, विभागाध्यक्ष द्वारा कथित उत्पीड़न के कारण छात्रा पिछले कई दिनों से गंभीर मानसिक तनाव में थी।

Image

छात्रा ने खुद को लगाई आग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Odisha Misdeed Case: ओडिशा के बालासोर जिले के एक महाविद्यालय की छात्रा ने यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर शनिवार को कथित तौर पर शैक्षणिक संस्थान परिसर में खुद को आग लगा ली और इस घटना में वह 90 प्रतिशत तक जल गई है। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने एक शिक्षक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि छात्रा को बचाने का प्रयास करने वाले एक अन्य छात्र भी झुलस गया है और दोनों को जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि बाद में छात्रा को बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIMS) रेफर कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार दोपहर तब हुई जब पीड़ित छात्रा ने बालासोर स्थित फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज के प्राचार्य दिलीप घोष से मुलाकात की। उसने पहले एक शिक्षक, जो विभागाध्यक्ष भी हैं, के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी और मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता कॉलेज में एकीकृत बीएड पाठ्यक्रम के दूसरे वर्ष की छात्रा है। उसने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एक हफ्ते तक कॉलेज परिसर में धरना भी दिया था।

मामले की जांच में जुटे अधिकारी

प्राचार्य दिलीप घोष ने कहा कि छात्रा मेरे पास आई थी और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई चाहती थी। वह तनाव में दिख रही थी, इसलिए मैंने उसकी काउंसलिंग की। उसने 30 जून को शिकायत दर्ज कराई थी और आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की जांच चल रही है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शिक्षक को बालासोर शहर के सहदेवखुंटा पुलिस थाने में हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक राज प्रसाद और एक वैज्ञानिक टीम मौके पर मामले की जांच कर रही है।

कैसी है छात्रा की हालत

इस बीच, अस्पताल का दौरा करने वाले बालासोर के विधायक मानस दत्ता ने कहा कि छात्रा की हालत गंभीर है। हमारी पहली प्राथमिकता उसकी जान बचाना है। पीड़िता के मित्रों के मुताबिक, विभागाध्यक्ष द्वारा कथित उत्पीड़न के कारण छात्रा पिछले कई दिनों से गंभीर मानसिक तनाव में थी। उसके दोस्तों ने बताया कि पीड़िता की पीड़ा तब और बढ़ गई जब न तो कॉलेज प्रशासन और न ही पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article