Woman Naxalite killed: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई। सरकार द्वारा 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के 12 दिन बाद यह मुठभेड़ हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी सुबह छोटे बेथिया थाना क्षेत्र के एक वन क्षेत्र में हुई, जब सुरक्षाकर्मियों का एक दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था।
उन्होंने कहा, अभी तक घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मृतक नक्सली की पहचान माओवादियों की प्रतापपुर क्षेत्र समिति की सदस्य रूपी के रूप में हुई है। नक्सल एरिया कमांडर रूपी, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम था, छोटे बेतिया पुलिस स्टेशन की सीमा के तहत जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारी गई। मुठभेड़ वाली जगह से हथियार के साथ शव बरामद किया गया है।
माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा कि सरकार लगातार माओवादियों से आत्मसमर्पण करने और पुनर्वास लाभ लेने की अपील कर रही है, जिसके चलते हाल के महीनों में बड़ी संख्या में माओवादियों ने मुख्यधारा में लौटने का विकल्प चुना है। हालांकि, उन्होंने बताया कि रूपी समेत कुछ कैडर हिंसा के रास्ते पर चलते रहे, जिसके कारण अंततः ये परिणाम सामने आए।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि छोटेबेठिया-परतापुर पुलिस थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित माछपल्ली गांव के पास एक जंगल में सुबह गोलीबारी शुरू हो गई, जब सुरक्षाकर्मियों का एक दल नक्सली कैडरों की मौजूदगी के बारे में विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था। उन्होंने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद रूपी का शव एक पिस्तौल, विस्फोटक और अन्य सामग्री के साथ मौके से बरामद किया गया। उन्होंने आगे कहा कि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
विजय रेड्डी की पत्नी थी रूपी
पुलिस के अनुसार, रूपी दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति के सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो पिछले साल मानपुर-मोहला-अंबरागढ़ चौकी जिले में एक मुठभेड़ में मारा गया था। आईजी सुंदरराज पी ने शेष माओवादी कार्यकर्ताओं से हिंसा छोड़ने और मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए कहा कि उनके पास शांतिपूर्ण और सम्मानजनक जीवन चुनने के लिए सीमित समय बचा है।
इस ताजा कार्रवाई के साथ, छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 28 माओवादी मारे जा चुके हैं। पिछले साल, सुरक्षा बलों ने राज्य भर में मुठभेड़ों में 285 माओवादियों को मार गिराया था। केंद्र ने देश से वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के लिए 31 मार्च, 2026 की समय सीमा तय की थी।
