देश

केतन को खाई में किसने धकेला, सिया या उसका प्रेमी चेतन? जानिए पुलिस ने क्या बताया

सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक भव्य समारोह में दोनों की शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था। सिया के पिता ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केतन के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

Image

पुलिस की गिरफ्त में हैं सिया और चेतन।

Ketan Murder Case: पुणे के रियल एस्टेट व्यापारी केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया ने 18 जून को लोहागढ़ किले में अपने प्रेमी चेतन चौधरी को पहले से निर्धारित इशारा किया, जिसके बाद चेतन ने केतन को खाई में धकेल दिया। मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। अधिकारी के मुताबिक, सिया और चेतन ने एक-दूसरे के साथ भागने के बजाय केतन की हत्या का फैसला किया, क्योंकि उन्हें डर था कि भागने से उनके परिवारों की बदनामी होगी।

सिया और चेतन ने एक-दूसरे पर दोष मढ़ने की कोशिश की

उन्होंने कहा, 'शुरू में सिया और चेतन ने एक-दूसरे पर दोष मढ़ने की कोशिश की, जो पूछताछ के दौरान अपराधियों के लिए आम बात है। हालांकि, आखिरकार सिया ने मान लिया कि उसने ही साजिश रची थी और चेतन भी उस योजना में शामिल था।' अधिकारी के अनुसार, चेतन ने शुरू में दावा किया कि वह किले में मौजूद था, लेकिन उस जगह पर नहीं गया, जहां से केतन को खाई में धकेला गया था और उसे नहीं पता कि वहां वास्तव में हुआ क्या था। उन्होंने बताया, 'हालांकि, यह साफ था कि वह झूठ बोल रहा है। आखिरकार दोनों ने अपराध में अपनी-अपनी भूमिका स्वीकार कर ली और घटनाक्रम का पूरा ब्योरा दिया।'

केतन को जरा भी अंदाजा नहीं था

अधिकारी ने कहा, 'तय योजना के तहत सिया (20) को बैठकर इशारा करना था, जिसके बाद चेतन (22) को आगे आना था और केतन को खाई में धक्का देना था। उन्होंने योजना को बिल्कुल वैसे ही अंजाम दिया।' उन्होंने कहा, 'सिया और चेतन ने हमें बताया है कि क्या हुआ था और कैसे हुआ था। केतन को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या होने वाला है। वह कुछ भांप पाता, उससे पहले ही उसे खाई में धकेल दिया गया।' पुलिस ने पहले कहा था कि सिया पहले भी केतन को दो बार लोहागढ़ किले ले गई थी और उसे मारने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार योजना नाकाम रही।

नवंबर में उदयपुर में होनी थी शादी

सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक भव्य समारोह में दोनों की शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था। सिया के पिता ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केतन के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को-भले ही वह उनकी अपनी बेटी ही क्यों न हो-उसी तरह किले से खाई में धक्का दे दिया जाना चाहिए, जिस तरह केतन को धकेला गया था।

'प्रेम प्रसंग के बारे में कोई भनक तक नहीं थी'

सिया के पिता ने कहा, 'केतन मेरे बेटे जैसा था और उसकी मौत ने हम दोनों परिवारों को बुरी तरह से तोड़ दिया है। हम जोर-शोर से शादी की तैयारी कर रहे थे। जो कुछ भी हुआ है, वह बेहद दुखद है। आज भी हमें इस बात पर यकीन नहीं हो पा रहा।' उन्होंने केतन के पिता के इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि लड़की के परिवार ने उनसे कुछ बातें छिपाई थीं। सिया के पिता ने कहा कि उन्हें रिश्ते में किसी भी तरह की परेशानी या अपनी बेटी के किसी तीसरे व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग के बारे में कोई भनक तक नहीं थी। उन्होंने कहा कि सिया एक 'सीधी-सादी लड़की' थी, जो अपनी शादी को लेकर हमेशा बहुत खुश और उत्साहित दिखती थी।

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article