देश

कौन है गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर सौरभ लूथरा? जिनके गोवा वाले नाइट क्लब में तड़प-तड़पकर 25 लोगों ने गंवाई जान

Who is Saurabh Luthra: गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने की वजह से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। सौरभ लूथरा गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं।

Image

कौन हैं नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा

Photo : Times Now Digital

Who is Saurabh Luthra: गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने की वजह से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जिस नाइट क्लब में यह हादसा हुआ उसका नाम 'बिर्च बाय रोमियो लेन' बताया जा रहा है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाइट क्लब में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। ऐसे में मुख्यमंत्री सावंत ने उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही जिन्होंने सुरक्षा मानकों की अवहेलना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तटीय राज्य में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना ऐसे समय में हुई है जब बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। हम घटना की गहन जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्लब मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज

इस हादसे को लेकर क्लब मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या बिना लाइसेंस के नाइट क्लब चल रहा था? क्लब में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे? और सबसे अहम सवाल कि क्लाब में आग कैसे लगी? हालांकि, नाइट क्लब चलाने वाले शख्स की पहचान सौरभ लूथरा के तौर पर हुई है तो चलिए जानते हैं कि आखिर कौन है यह व्यक्ति।

कौन है सौरभ लूथरा? (Who is Saurabh Luthra)

सौरभ लूथरा गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन (Birch by Romeo Lane ) नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, सौरभ लूथरा एक गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर हैं, जो आंत्रप्रेन्योर भी हैं और उन्हें सबसे तेजी से बढ़ते रेस्त्रां मालिकों में से एक के तौर पर गिना जाता है।

सौरभ लूथरा ने बिर्च, रोमियो लेन, मामाज बुओई जैसे कई ब्रॉन्ड लॉन्च किए हैं। वेबसाइट के अनुसार, सौरभ लूथरा को कई उद्योग पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिसमें टाइम्स हॉस्पिटैलिटी आइकॉन्स 2023 में आइकॉनिक रेस्टोरेटर का खिताब भी शामिल है। सौरभ लूथरा ने 2016 से लेकर अब तक रेस्त्रां और बार के लिए कई खिताब हासिल किए। बकौल वेबसाइट, रोमियो लेन अभी 22 शहरों और चार देशों में मौजूद है।

सरपंच रेडकर ने जारी किया था लाइसेंस

पुलिस ने अरपोरा-नागोवा पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर को हिरासत में लिया, जिन्होंने 2013 में परिसर के लिए व्यापार लाइसेंस जारी किया था। रेडकर ने कहा कि क्लब का संचालन सौरव लूथरा द्वारा किया जाता था, जिनका अपने साथी के साथ विवाद था। रेडकर ने कहा, "उनके बीच विवाद था और उन्होंने एक-दूसरे के खिलाफ पंचायत में शिकायत दर्ज कराई थी। हमने परिसर का निरीक्षण किया और पाया कि उनके पास क्लब निर्माण की अनुमति नहीं थी।" बकौल रेडकर, पंचायत ने नाइट क्लब को ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी किया था, जिस पर पंचायत निदेशालय के अधिकारियों ने रोक लगा दी थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!