देश

किसने किया पप्पू यादव पर हमला, हो गई पहचान; यूपी के इस जिले से है संबंध, जानें क्यों आया था दिल्ली

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर हमला करने वाले की पहचान हो गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि हमलावर सुमित गाजियाबाद में आयरन फैब्रिकेशन का काम करता है।

Image

पप्पू यादव पर हमला करने वाले की हुई पहचान। (फोटो- pti)

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर कथित तौर पर चप्पल फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है। शुरुआती जांच में उसके खिलाफ किसी भी तरह का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

सूत्रों के अनुसार, सुमित गाजियाबाद में आयरन फैब्रिकेशन का काम करता है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को बुलंदशहर से दिल्ली एक गाड़ी को ठीक कराने के लिए आया था।

पुलिस को यह भी पता चला है कि घटना के समय 'हैप्पी' नाम का एक अन्य व्यक्ति पप्पू यादव के आवास के बाहर खड़ी एक एसयूवी में मौजूद था। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे वाहन की मरम्मत के सिलसिले में साथ दिल्ली आए थे। पुलिस अब उनके दावों की पुष्टि करने के साथ-साथ घटना के पीछे की मंशा की भी जांच कर रही है। हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

क्या है मामला?

रविवार को पप्पू यादव अपने दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। वह संसद परिसर में राम मंदिर के कथित चंदा चोरी के मुद्दे पर किए गए अपने विरोध प्रदर्शन और उस पर उठे विवाद को लेकर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान एक व्यक्ति ने पप्पू यादव से सवाल करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भगवान राम का अपमान किया है। इसके बाद उसने कथित तौर पर पप्पू यादव की ओर चप्पल फेंक दी। घटना के तुरंत बाद आरोपी और सांसद के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास चाकू भी थी और उन्होंने उसका भी इस्तेमाल किया।

गौरतलब है कि संसद परिसर में राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद वाराणसी में पप्पू यादव, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के फैजाबाद (अयोध्या) सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। इसी विवाद पर अपना पक्ष रखने के लिए पप्पू यादव ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!