Smriti Irani: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर चर्चा में हैं। 25 वर्षों के बाद वह टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' शो में दोबारा वापसी कर रही हैं। आखिर इसके पीछे क्या है स्मृति ईरानी की सोच? टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ बात करते हुए स्मृति ईरानी ने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने इस शो में दोबारा वापसी की है। कैसा रहा उनका अनुभव और इस शो को लेकर वह क्या सोचती हैं। इसी शो के सेट पर हुई खास बातचीत में स्मृति ईरानी ने सबकुछ विस्तार से बताया।
हमने इतिहास दोहराया
इस सवाल पर कि इस रीइंवेंशन के पीछे आपकी सोच क्या है, स्मृति ईरानी ने कहा- इसे एक रीइंवेशन नहीं कह सकते, ये एक स्टोरी की री-टेलिंग हो सकती है। वो स्टोरी जो आज से 25 साल पहले कही गई। इसे रात 10.30 बजे के अजीबोगरीब स्लॉट में धकेला गया। हमारे शो ने टेलीविजन के लिए एक इतिहास रचा। कहते हैं कि इतिहास खुद को नहीं दोहराता, लेकिन हमने इतिहास दोहराया। आज अगर आप कहें कि क्या ऐसा कोई शो है, जो आज चल रहा है और 25 साल बाद दोबारा री-इंवेंट हो सकता है, मुझे नहीं लगता। इस उपलब्धि को टेलीविजन में पाना कोई छोटी बात नहीं है।
