पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव से पहले पुलिसिया एक्शन जारी है। नंदीग्राम उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के एक दिन बाद अब रेजीनगर से निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि सैफुल की गिरफ्तारी 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प से जुड़े पुराने मामले में हुई है।
सैफुल इस्लाम आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, बहरमपुर थाने में दर्ज इस मामले में सैफुल का नाम पहले से आरोपी के तौर पर दर्ज था। इसी मामले में अब उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई है, जबकि रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के नवदा सीट बरकरार रखने के बाद रिक्त हुई। रेजीनगर उपचुनाव में AJUP ने हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है।
पुलिस ने बताया- 2021 की झड़प से जुड़ा है मामला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सैफुल इस्लाम का नाम 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दो गुटों की झड़प से जुड़े मामले में दर्ज था। इसी मामले में बहरमपुर थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।हुमायूं कबीर को भी नोटिस जारी
इस बीच शनिवार को बहरमपुर पुलिस ने AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर को भी नोटिस जारी किया है। उन्हें सोमवार को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। यह मामला कथित तौर पर दो समुदायों के बीच तनाव भड़काने की साजिश से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने हाल ही में बहरमपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की थी और दावा किया था कि बातचीत में दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की संभावित साजिश के संकेत मिले हैं।
AJUP के राज्य सचिव आशिक इकबाल को भी किया गया गिरफ्तार
इससे पहले शुक्रवार को AJUP के राज्य सचिव आशिक इकबाल को भी मुर्शिदाबाद में वाहन जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से नकली मुद्रा और अवैध हथियार बरामद हुए थे। उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया।
