कोलकाता 27 नवंबर: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार का आपसी विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। ममता बनर्जी के छोटे भाई स्वपन बनर्जी, जिन्हें ‘बाबुन बनर्जी’ के नाम से जाना जाता है, ने कोलकाता के कालीघाट थाने में अपने भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अभिषेक पर रक्तदान शिविर में बाधा डालने और धमकाने का आरोप लगाया। इन आरोपों पर अभिषेक बनर्जी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ क्या-क्या शिकायतें?
बाबुन के उपनाम से जाने जाने वाले स्वप्न बनर्जी ने दावा किया कि राज्य में तृणमूल के 15 साल के शासन के दौरान धमकाने और डराने की संस्कृति जड़ें जमा चुकी थी, जो इस साल मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद भी जारी रही। उन्होंने कहा कि वह 2024 से ऐसी घटनाओं के गवाह रहे हैं। कालीघाट पुलिस थाने पहुंचने के बाद उन्होंने संवाददाताओं को बताया, "तृणमूल के शासन के दौरान कई घटनाएं हुईं। यह सिलसिला 2024 से जारी है और आज भी बरकरार है। सरकारी कामकाज में बाधा डालने, क्लबों पर जबरन कब्जा करने और धमकाने की घटनाएं हुई हैं। मैं कितना कुछ बताऊं? मैंने बहुत कुछ सहन किया है।"
धमकियां मिलने का भी दावा
पुलिस में शिकायत की तात्कालिक वजह कथित तौर पर रक्तदान शिविर में बाधा डालने की घटना थी। इसके अलावा बाबुन बनर्जी की शिकायत के अनुसार, 7 नवंबर को फेसबुक पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में अभिषेक बनर्जी ने अपनी सुरक्षा से जुड़े एक विचाराधीन मामले पर बोलते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट और सर्वोच्च न्यायालय को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। शिकायत में 7 नवंबर के वीडियो के अलावा हाल के बयानों और सोशल मीडिया पोस्टों का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया है कि न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर लोगों को भड़काने की कोशिश की गई। बाबुन बनर्जी ने पुलिस से संपर्क कर यह भी दावा किया है कि उन्हें धमकियां मिलती रही हैं और लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते उन्होंने कानूनी कार्रवाई के लिए थाने का रुख किया।
ममता बनर्जी ने छोटे भाई ने बना रखी है दूरी
इस ताजा घटनाक्रम से बाबुन और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से चले आ रहे मनमुटाव में एक नया मोड़ आ गया है। ममता बनर्जी ने एक समय सार्वजनिक रूप से अपने छोटे भाई से दूरी बना ली थी और यहां तक कहा था कि उन्होंने उनसे सभी संबंध तोड़ लिये हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद से बाबुन की भाजपा नेतृत्व के साथ नजदीकी नजर आ रही है। वह लगातार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशंसा भी करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इलाके में आयोजित सामुदायिक दुर्गा पूजा के उद्घाटन के लिए शुभेंदु को आमंत्रित किया था। इस कार्यक्रम में वह सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री के पैर छूते हुए भी नजर आए थे। शुभेंदु के प्रति उनकी बार-बार सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की अभिव्यक्तियों ने उनके राजनीतिक झुकाव और भाजपा की ओर संभावित रुख करने को लेकर अटकलों को हवा दी है। बाबुन ने हालांकि भाजपा में शामिल होने के किसी औपचारिक फैसले की सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की है।
