देश

बम धमकियों के पीछे कौन? इस शख्स पर मुंबई पुलिस को संदेह, US में काम कर चुका IT पेशेवर है आरोपी

मुंबई में हर धमकी भरे ईमेल के बाद तय प्रोटोकॉल के तहत परिसर खाली कराया जाता था और सुरक्षा कड़ी की जाती थी। बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्तों की टीमें, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच के जवान तैनात किए जाते थे। कई मामलों में सार्वजनिक सेवाएं भी बाधित हुईं।

Image

मुंबई में ई-मेल के जरिए लगातार धमकियां मिली हैं।

Photo : ANI

Bomb Threats to Mumbai : मुंबई पुलिस का मानना है कि बीएमसी कार्यालय, मेट्रो स्टेशनों, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), अदालतों, स्कूलों, अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले और अन्य अहम प्रतिष्ठानों पर हमले की चेतावनी देने वाले दर्जनों हालिया ईमेल के पीछे अमेरिका में काम करने वाला 28 वर्षीय एक आईटी पेशेवर है। आरोपी की पहचान शरत सुब्रमण्यन शंकर के रूप में हुई है, जो तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले का रहने वाला है। जुलाई में चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरते ही तमिलनाडु की आतंकवाद-रोधी इकाई (एटीएस) ने उसे हिरासत में लिया। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर हुई। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है। उस पर पिछले दो वर्षों में देश की विभिन्न एजेंसियों को करीब 1,500 फर्जी ईमेल भेजने का संदेह है।

हिरासत मिलने के बाद हम गहन पूछताछ करेंगे-पुलिस

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'उसकी हिरासत मिलने के बाद हम गहन पूछताछ करेंगे, ताकि धमकियां भेजने की वजह का पता चल सके।' जांच में शामिल मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने एक ईमेल से मिले सुराग के बाद आरोपी से संवाद शुरू किया। उसे पता नहीं था कि सामने पुलिसकर्मी है। एक सवाल के जवाब में उसने अपनी निजी ईमेल आईडी से जवाब भेज दिया। इतना सूत्र आरोपी की जानकारी जुटाने के लिए काफी साबित हुआ। यह जानकारी तमिलनाडु पुलिस को दी गई और अमेरिका से लौटते ही शंकर को पकड़ लिया गया।

हर धमकी पर सुरक्षा प्रोटोकॉल

मुंबई में हर धमकी भरे ईमेल के बाद तय प्रोटोकॉल के तहत परिसर खाली कराया जाता था और सुरक्षा कड़ी की जाती थी। बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्तों की टीमें, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच के जवान तैनात किए जाते थे। कई मामलों में सार्वजनिक सेवाएं भी बाधित हुईं। हालांकि सभी धमकियां फर्जी निकलीं। बीएसई को 10 जून को ऐसे ईमेल भेजे गए थे, जिनमें इमारत के भीतर आरडीएक्स रखे होने का दावा किया गया था। ये ईमेल अलग-अलग खातों से, वीपीएन और पहचान छिपाने वाली अन्य तकनीकों के जरिए भेजे गए, जिससे डिजिटल ट्रेसिंग बेहद मुश्किल हो गई। सूत्रों के मुताबिक इसी वजह से जांच में देरी हुई।

फर्जी ईमेल खातों का नेटवर्क

इस बीच उत्तर प्रदेश एटीएस ने 24 वर्षीय अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया है, जिसकी भूमिका की भी जांच चल रही है। उस पर फर्जी ईमेल खाते बनाने और उन्हें बेचने वाला नेटवर्क चलाने का आरोप है। यूपी एटीएस की शुरुआती जांच के अनुसार, उसके बनाए ईमेल खातों का इस्तेमाल 12 नवंबर को मुंबई के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों को धमकी भरे ईमेल भेजने में हुआ। एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने ये ईमेल आईडी एक बांग्लादेशी नागरिक को बेचे थे, जिनसे बाद में मुंबई के कई स्थानों पर धमकियां भेजी गईं। एटीएस के मुताबिक शंखवार को इस सप्लाई के बदले तुर्किये और मिस्र जैसे देशों के स्रोतों से करीब 50,000 डॉलर (लगभग 47 लाख रुपये) मिले। मुंबई पुलिस अभी उसकी भूमिका की पुष्टि नहीं कर पाई है।

मुंबई क्राइम ब्रांच की आपराधिक खुफिया इकाई और स्थानीय थाने अलग-अलग जांच कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके काम करने के तरीके, मकसद और अन्य लोगों की संलिप्तता का पता चल सकेगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article