देश

'कल आप कहेंगे कि कोई मंदिर नहीं जा सकता? वे मंदिर बंद कर देंगे...', विजय सरकार पर क्यों भड़के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव?

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तमिलनाडु की टीवीके सरकार पर कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान पारंपरिक दीपक जलाने पर रोक लगाने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस फैसले से लाखों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वैष्णव ने मंदिरों की परंपराओं और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा की बात उठाते हुए रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण में देरी का मुद्दा भी उठाया।

Image

अश्विनी वैष्णव ने TVK सरकार को घेरा। PTI

Photo : PTI

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ’’पारंपरिक दीपम जलाने पर रोक लगाने से लाखों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।’’ वैष्णव ने ’’देश की सभ्यतागत विरासत और मंदिरों की परंपराओं को मिटाने की कोशिशों के प्रति आगाह किया।’’

भाजपा की ओर से आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैष्णव ने सवाल किया कि यदि ऐसी पाबंदियों को चुनौती नहीं दी गई तो क्या भविष्य में नागरिकों को मंदिर जाने से भी रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु अपनी जगह कायम है। आपने एक दीपम जलाने पर रोक लगाकर लाखों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, उन्हें आहत किया है। आगे क्या होगा? आज आपने एक दीपम जलाने पर रोक लगाई है, कल आप कहेंगे कि कोई मंदिर नहीं जा सकता? वे मंदिर बंद कर देंगे। क्या वे यही चाहते हैं?"

रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण पर क्या बोले अश्विनी वैष्णव?

मंत्री ने दावा किया कि ’’संविधान के प्रति सच्चा सम्मान दिखाने का अर्थ धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करना और अपनी संस्कृति, भगवान मुरुगन तथा प्राचीन विरासत पर गर्व करना है।’’ रेलवे परियोजनाओं के मुद्दे पर वैष्णव ने मंच से सीधे टीवीके से अपील करते हुए उसे भूमि अधिग्रहण की जिम्मेदारी उठाने की चुनौती दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार सभी आवश्यक धन उपलब्ध कराएगी और तमिलनाडु के लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर परियोजना को बिना किसी बाधा के पूरा करेगी।

मंत्री ने दावा किया कि तमिलनाडु में रेलवे परियोजनाओं के लिए करीब 4,800 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, लेकिन राज्य सरकार ने केवल 1,253 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया है, जो महज 24 प्रतिशत है।

क्या है कार्तिगई दीपम उत्सव?

कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का एक प्रमुख हिंदू प्रकाश पर्व है। इसे तमिल महीने कार्तिगई में मनाया जाता है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में दीपक जलाए जाते हैं। इसे भगवान शिव और भगवान मुरुगन से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के साथ मनाया जाता है। तिरुवन्नामलाई में इस पर्व के दौरान पहाड़ी पर विशाल दीपक जलाने की परंपरा भी बेहद प्रसिद्ध है।
Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article