UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सभी सियासी दलों ने कमर कस ली है। समाजवादी पार्टी ने तो 26 नवंबर 2026 (संविधान दिवस) को लखनऊ में अपना घोषणापत्र 'जन-मन का मेनिफेस्टो 2027' ('सत्ताईस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र') भी जारी कर दिया। इसी बीच शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में सबका ध्यान खींचा है। राउत ने कहा, 'अगर योगी हैं तो यूपी है, अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं।' उन्होंने योगी आदित्यनाथ को सक्षम नेता और हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा भी बताया।
मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर पेश किया है, तो यह सराहनीय है। उन्होंने कहा, "वह एक काबिल व्यक्ति हैं। हमें भी योगी जी पसंद हैं। योगी जी हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर है। अगर योगी हैं तो यूपी है, अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं।"
संजय राउत ने आगे कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने ऐसा बयान दिया है, तो इसका मतलब है कि उन्हें भरोसा है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में बहुमत हासिल करेगी और चुनाव के बाद चुने गए ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे।
सीएम योगी और केशव मौर्य के बयानों से क्यों बढ़ी चर्चा?
दरअसल, उत्तर प्रदेश में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चा उस वक्त तेज हुई, जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी कमल के निशान पर लड़ेगी। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायक बैठक करेंगे और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में अपने नेता का चुनाव करेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जब पूछा गया कि क्या वह 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे, तो उन्होंने कहा था कि इस बारे में सभी जानते हैं कि कौन चेहरा है और कौन नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे।
केशव प्रसाद मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला चुनाव के बाद चुने गए विधायक करेंगे। उन्होंने कहा था कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई दूसरा नेता इस पद पर आएगा, यह उस समय विधायक दल तय करेगा।
2017 और 2022 में बीजेपी ने क्या किया था?
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले योगी आदित्यनाथ को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया था। 2017 में बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद विधायक दल की बैठक में योगी आदित्यनाथ के नाम पर मुहर लगी थी। इसी तरह 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भी नवनिर्वाचित विधायकों ने उन्हें अपना नेता चुना था। 2022 में बीजेपी ने 403 में से 255 सीटें जीती थीं और योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे।
फिलहाल बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य के बयानों के बीच संजय राउत की टिप्पणी ने यूपी की सियासत में एक नई चर्चा छेड़ दी है।
