देश

West Bengal Politics: SIR के दौरान हुई मौतों को लेकर अदालत जाएंगी ममता बनर्जी; तारीख भी बता दी

चुनावी रैली में संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी धर्म में विश्वास नहीं करती, उसका यकीन सिर्फ झूठ फैलाने में है।

Image

ममता बनर्जी

Photo : ANI

पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अभी से वहां सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। टीएमसी और भाजपा के नेता एक-दूसरे पर आरोपों की बौछार करा रहे हैं। अमित शाह ने भी हाल ही में कोलकाता में रैली कर चुनावी बिगुल बजा दिया है। इस बीच, सूबे की मुखिया ममता बनर्जी ने भी भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज एक चुनावी रैली में संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी धर्म में विश्वास नहीं करती, उसका यकीन सिर्फ झूठ फैलाने में है।

एसआईआर को लेकर भी किया वार

इस दौरान उन्होंने गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी हमला बोला। ममता ने कहा कि एसआईआर के दौरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को यह साबित करने के वास्ते कतारों में खड़े होने के लिए मजबूर किया गया कि वे वैध मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि हम मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास के दौरान लोगों के साथ हुए 'अमानवीय व्यवहार' और मौतों को लेकर मंगलवार को अदालत में याचिका दायर करेंगे।

ममता बनर्जी ने रखी ‘गंगासागर सेतु' की आधारशिला

इससे पहले, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को सागर द्वीप को जोड़ने के लिए मुरीगंगा नदी पर लगभग पांच किलोमीटर लंबे पुल की आधारशिला रखी। सागर द्वीप पर ही वार्षिक गंगासागर मेला आयोजित किया जाता है।

इस पुल के निर्माण पर 1,670 करोड़ रुपये की लागत आएगी जिसे ‘गंगासागर सेतु’ नाम दिया गया है। यह पुल हुगली नदी और बंगाल की खाड़ी के संगम पर स्थित सागर द्वीप को हर मौसम में सड़क संपर्क उपलब्ध कराएगा।

दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित सागर द्वीप पर हर साल देशभर से लाखों श्रद्धालु 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर संगम में स्नान करने और कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल सरकार और निर्माण कार्य का ठेका पाने वाली कंपनी ‘लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड’ (एलएंडटी) के बीच दस्तावेजों का औपचारिक आदान-प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उम्मीद है कि पुल का निर्माण दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

फिलहाल सागर द्वीप तक केवल नौका सेवाओं के माध्यम से पहुंचना संभव है, जो गंगासागर मेले के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ और ज्वार-भाटे की स्थिति के कारण अक्सर बाधित हो जाती हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article