पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा भारतीय क्रिकेट टीम के साथ देश भर के विभिन्न संस्थानों का भगवाकरण करने के प्रयास कर रही है।
शुक्रवार (17 नवंबर, 2023) को मध्य कोलकाता के पोस्ता बाजार में जगद्धात्री पूजा की शुरुआत के दौरान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा ने न केवल क्रिकेट टीम की जर्सी में बल्कि मेट्रो स्टेशनों की पेंटिंग में भी भगवा रंग जोड़ दिया है।
दीदी ने इस मसले पर अपनी कड़ी असहमति जाहिर की और बताया, ‘‘वे पूरे देश को भगवा रंग में रंगने की कोशिश कर रहे हैं। हमें अपने भारतीय खिलाड़ियों पर गर्व है। मुझे विश्वास है कि वे विश्व कप में विजेता होंगे, लेकिन वे (भाजपा) वहां भी भगवा रंग लेकर आए और हमारे लड़के अब भगवा रंग की जर्सी में अभ्यास करते हैं। मेट्रो स्टेशनों को भगवा रंग से रंग दिया गया है। यह अस्वीकार्य है।’’
आगे भाजपा पर कटाक्ष करते हुए वह बोलीं कि राष्ट्र ‘‘देश की जनता का है, न कि केवल एक पार्टी की जनता का।’’ वैसे, उनकी टिप्पणी पर भाजपा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा, ‘‘कुछ दिनों के बाद वह सवाल कर सकती हैं कि हमारे राष्ट्रीय ध्वज में भगवा रंग क्यों है। हम ऐसे बयानों पर प्रतिक्रिया देना भी उचित नहीं समझते हैं।’’
दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम की अभ्यास (प्रैक्टिस) जर्सी मौजूदा समय में भगवा रंग की है, जबकि मेन (गेम) जर्सी में भगवा रंग की पट्टियां हैं। वहीं, यूपी के कानपुर में मेट्रो रेल की थीम में भी भगवा रंग का इस्तेमाल किया गया है।
