West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अभियान का नेतृत्व करते हुए कुल 14 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इनमें बड़ी जनसभाएं और रोडशो शामिल हैं, जिनके जरिए पार्टी अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पूरी सक्रियता के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे और 8 कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनके रोडशो और सभाएं कार्यकर्ताओं में जोश भरने और मतदाताओं तक सीधा संदेश पहुंचाने की रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही हैं।
सीएम योगी भी होंगे 8 कार्यक्रमों में शामिल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बंगाल में 8 कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनकी सभाओं में विकास और सांस्कृतिक मुद्दों को प्रमुखता मिलने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा 6 जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि पार्टी नेता नितिन नबीन 7 रैलियों के जरिए संगठनात्मक मजबूती पर जोर देंगे। वहीं, अभिनेता से नेता बने मिथुन चकवर्ती भी इस चुनावी अभियान में सक्रिय हैं। वे 10 कार्यक्रमों में भाग लेकर खासकर युवा और शहरी मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास करेंगे।
मुकाबला और भी कड़ा और रोचक होने की संभावना
कुल मिलाकर, बीजेपी का यह आक्रामक और व्यापक प्रचार अभियान इस बात का संकेत है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है। लगातार हो रही रैलियों, रोडशो और बड़े नेताओं की मौजूदगी ने राज्य के चुनावी माहौल को पूरी तरह से गर्मा दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के बड़े पैमाने पर चल रहे प्रचार अभियान से मुकाबला और भी कड़ा और रोचक होने की संभावना है, जहां सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर चुनाव आयोग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। किसी भी राजनीतिक दल को सरकार बनाने के लिए कम से कम 148 सीटों पर जीत दर्ज करनी होगी। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की गई है, वहीं दूसरे चरण के उम्मीदवार 9 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
4 मई को आएगा रिजल्ट
नामांकन पत्रों की जांच क्रमशः 7 अप्रैल और 10 अप्रैल को होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए पहले चरण में 9 अप्रैल और दूसरे चरण में 13 अप्रैल तक का समय दिया गया है। वहीं, अगर वोटिंग की डेट की बात करें तो, पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। इसके साथ ही, दोनों फेज की वोटिंग के बाद 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन चुनाव रिजल्ट का ऐलान किया जाएगा।
