देश

शिवसेना UBT की प्रेस कांफ्रेंस में सिर्फ 3 सांसद ही पहुंचे, संजय राउत ने बागियों को ललकारा, खोया आपा, कहे अपशब्द

नई दिल्ली में संजय राउत ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) सांसदों के पार्टी छोड़ने के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। राउत ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के सांसदों को 15 करोड़ रुपये में खरीदा जा रहा है।

Image

संजय राउत की प्रेस कांफ्रेंस

Photo : ANI

Sanjay Raut: शिवसेना (UBT) में एक और टूट के आसार नजर आ रहे हैं और कई बागी सांसद पाला बदलने की तैयारी में हैं। इसे लेकर पार्टी में तूफान मचा हुआ है और उद्धव ठाकरे और संजय राउत सांसदों को एकजुट रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में आज सांसद संजय राउत ने कुछ पार्टी सांसदों के साथ दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के सांसदों को 15 करोड़ रुपये में खरीदा जा रहा है।

सांसदों को 15 करोड़ रुपये में खरीदा जा रहा है: संजय राउत

नई दिल्ली में संजय राउत ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) सांसदों के पार्टी छोड़ने के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। राउत ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के सांसदों को 15 करोड़ रुपये में खरीदा जा रहा है। संजय राउत ने कहा कि अगर टीएमसी और शिवसेना (यूबीटी) जैसी पार्टियां विभाजित हो जाती हैं तो चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं है। गौर करने लायक बात है कि शिवसेना (यूबीटी) के 9 लोकसभा सांसदों में से केवल तीन - अनिल देसाई, राजभाऊ वाजे और अरविंद सावंत - संजय राउत की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए।

राउत ने 2022 के विद्रोह का जिक्र करते हुए कहा कि अगर पार्टी में विभाजन दोहराया गया तो महाराष्ट्र के लोग और शिवसेना (यूबीटी) सांसद चुप नहीं बैठेंगे। राउत ने बागियों से कहा कि उद्धव ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने सांसदों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की; अगर आप पाला बदलना चाहते हैं तो इस्तीफा दे दें।

राउत ने खोया आपा

इस दौरान संजय राउत आपा खो बैठे और सांसदों के लिए अपशब्द कहे। उन्होंने मीडिया से इसे ना काटने की भी अपील की। साथ ही कहा कि ये लोग बेईमान हैं और बेईमानी इनके खून में है। ऐसा लगने लगा है। मैं किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं ले रहा हूं।

कहा-महाराष्ट्र की जनता हर बार चुप नहीं बैठेगी

संजय राउत ने कहा, हमने उनको टिकट दिया, चुनाव लड़ने के लिए पैसा दिया। महाराष्ट्र की जनता हर बार चुप नहीं बैठेगी। यह क्या तमाशा बनाकर रखा है आप लोगों ने? जिसको जाना है वह इस्तीफा दे दे। आपको वोटर ने चुनकर भेजा है, हमने आपको MP बनाया। हमारा व्हिप जारी हो गया है, कल हमारी मीटिंग है 11:00 बजे। अभी तक तो हमारा दल एक है, मैं जानता हूं कि सभी साथ हैं। इनमें से कई सांसद हैं जिन्होंने साई बाबा और माता भवानी की शपथ ली। अपनी मां की शपथ लेने वाले भी लोग हैं। वे लोग ऐसी बात कहते हैं और बेईमानी कर रहे हैं। जो चाहे आप कर लीजिए हम उन्हें छोड़ेंगे नहीं।

वहीं, शिवसेना (UBT) में संभावित टूट की अटकलों के बीच पार्टी सांसद अरविंद सावंत ने कहा, मैंने संविधान की रक्षा के मुद्दे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। अभी तक पार्टी के किसी भी नेता ने हमें यह नहीं बताया है कि वह पार्टी छोड़ रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article